'10 साल में काम नहीं केवल लोन और घाटा छोड़ गए', दिल्ली विधानसभा में CM रेखा गुप्ता का AAP पर तीखा हमला
दिल्ली विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने AAP पर दिल्ली को कर्ज, घाटे और अधूरे प्रो ...और पढ़ें
HighLights
AAP पर दिल्ली को कर्ज, घाटे में धकेलने का आरोप।
DTC, जल बोर्ड को भारी नुकसान पहुँचाने का दावा।
केजरीवाल सरकार को 'दिल्ली की टीबी' बताया।
वीके शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पूर्व सरकार पर लोन, घाटे और अधूरे प्रोजेक्ट्स छोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली के लिए ‘टीबी’ बन गई थी। अब उसकी नजर पंजाब को तबाह करने पर है।
पैनिक में भी प्लानिंग से चल रही सरकार
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि जब पश्चिमी एशिया में युद्ध की विकट स्थिति के दौरान विश्व भर में पेट्रोल डीजल की कीमत बढ़ रही है ऐसे माहौल में पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का बड़ा फैसला लेते हुए जनता को एक बड़ी राहत दी है, यह पैनिक में आने वाली नहीं, प्लानिंग से चलने वाली सरकार है।
'सड़क पर बैठो, हम सड़कें बना रहे हैं'
चर्चा शुरू करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'अगर विपक्ष के लोग सदन में होते तो सुझाव दे सकते थे, लेकिन वे सड़कों पर बैठे हैं। वे वहीं बैठे रहें, हम उनके लिए अच्छी सड़कें बना रहे हैं।'
AAP पर लोन और ब्याज का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष उन पर लोन लेने का आरोप लगा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि आप सरकार पिछले 10 सालों से लोन लेती रही। उन्होंने बताया कि लोन लेना उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना महत्वपूर्ण उस पर लिया जाने वाला ब्याज है। आप सरकार ने करीब 9 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन लिया, जबकि उनकी सरकार ने देश में सबसे कम 7.4 फीसदी ब्याज पर लोन लिया है। रेखा गुप्ता ने दावा किया कि आप सरकार 47,000 करोड़ रुपये का लोन छोड़कर गई है। इसके अलावा एक्सप्रेसवे के 3,700 करोड़ रुपये, मेट्रो के 2,700 करोड़ रुपये की देनदारी भी आप सरकार ने नहीं चुकाई, जिसे उनकी सरकार ने अदा किया।
खबरें और भी
अधूरे प्रोजेक्ट्स और बकाया भुगतान
सीएम ने आरोप लगाया कि AAP सरकार अस्पताल और स्कूल अधूरे छोड़कर गई। EWS कोटे, खिलाड़ियों के भुगतान, बारापुला प्रोजेक्ट के 250 करोड़ रुपये, EV पॉलिसी के 48 करोड़ रुपये (जिसमें से 24 करोड़ अब जारी किए गए) जैसी कई देनदारियां बाकी छोड़ी गईं।उन्होंने कहा कि गौशालाओं की मदद तक रोक दी गई थी, जिसके 24 करोड़ रुपये अब उनकी सरकार ने जारी किए। जय भीम योजना के तहत भी 31 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
DTC और जल बोर्ड पर बड़ा हमला
रेखा गुप्ता ने कहा कि AAP ने दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) को 99,000 करोड़ रुपये के घाटे में पहुंचा दिया और दिल्ली जल बोर्ड को 91,000 करोड़ रुपये के घाटे में डुबो दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने इन घाटों को और बढ़ाया।
'केजरीवाल दिल्ली के फेफड़ों से चिपक गए थे'
सबसे तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर कहा, 'ये दिल्ली के लिए टीबी बन गए थे। ये दिल्ली के फेफड़ों से ऐसे चिपक गए थे कि दिल्ली को पनपने नहीं दे रहे थे। हम दिल्ली को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।'
बजट पर जोर: विकास और कैपिटल एक्सपेंडिचर
रेखा गुप्ता ने अपने बजट को अब तक का सबसे बड़ा कैपिटल एक्सपेंडिचर बताया। उन्होंने कहा, 'हम केवल फ्री सुविधाएं नहीं देंगे, बल्कि दिल्ली का वास्तविक विकास भी करेंगे।' शिक्षा विभाग को सबसे अधिक बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने आप के 'शिक्षा मॉडल' पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके शासन में स्कूलों में बच्चों की संख्या लगातार घटती गई। लड़कियों को स्कूल ड्रॉपआउट से बचाने के लिए साइकिल देने की घोषणा की गई, जिस पर भी आप घटिया राजनीति कर रही है।
AAP ने दिल्ली बर्बाद की, अब पंजाब पर नजर
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि AAP ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया, अब वे पंजाब को बर्बाद करने में लगे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 10 साल में दिल्ली में काम नहीं हुआ, इसलिए सभी विभागों और क्षेत्रों में काम करने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- Delhi Budget 2026: राजधानी का स्वास्थ्य ढांचा होगा मजबूत, दिल्ली को मिलेगा चौथा ट्रामा सेंटर
यह भी पढ़ें- दिल्ली में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, जल्द शुरू होगा महिला समृद्धि योजना का पोर्टल
यह भी पढ़ें- Delhi Budget 2026: दिल्ली को सबसे बड़ी ईवी पॉलिसी की सौगात, 12000 EV बसों का लक्ष्य; परिवहन को मिले 8374 करोड़