दिल्ली: चरित्र शक में पत्नी की हत्या का आरोप, शव ठिकाने लगाने आए दोस्त ने ही पहुंचाया सलाखों के पीछे
दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका में चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। शव ठिकाने लगाने के लिए बुलाए गए दोस्त ने ही पुलिस को सूचना देक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पति ने चरित्र पर शक में पत्नी की हत्या की।
शव ठिकाने लगाने दोस्त को बुलाया, जिसने पुलिस को बताया।
पुलिस ने आरोपी पति अनुराग को मुनिरका से गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। चरित्र को लेकर शक में पत्नी से झगड़ा किया। बात बढ़ी तो मारपीट भी हुई। पति ने तैश में आकर हत्या तक कर डाली। पुलिस से बचने के लिए शव ठिकाने लगाने की सोची। यहां तक तो वो बचता रहा। पर जैसे ही उसने शव को ठिकाने लगाने में मदद के लिए अपने परिचित को बुलाया, पुलिस के शिकंजे में आ गया।
मामला किशनगढ़ थाना क्षेत्र के मुनिरका का है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय कनिका के रूप में हुई है, जिनका मायका भी मुनिरका में ही है। मामले में पुलिस ने आरोपित पति अनुराग को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की वर्ष 2023 में ही शादी हुई थी। अनुराग डिलीवरी ब्वाय का काम करता था।
फोन कर घर के पास बुलाया
दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक दो अगस्त को पीसीआर काल पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव को ठिकाने लगाने में मदद के लिए किसी को बुला रहा है। टीम मुनिरका की पाल डेयरी पहुंची, जहां शिकायतकर्ता मौजूद मिला।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरोपित अनुराग को उसके घर के बाहर से पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक अगस्त की रात उसे दोस्त और आरोपित अनुराग का फोन आया। अनुराग ने उसे तुरंत अपने घर के पास बुलाया।
खबरें और भी
वहां पहुंचने पर आरोपित ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की है। फिर वह उन्हें अपने कमरे में ले गया। दरवाजा खुलने पर देखा कि आरोपित की पत्नी खून से लथपथ पड़ी थी। उसे कई चोटें आई थीं। आरोपित ने उसके सामने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वह शव को ठिकाने लगाने में मदद के लिए बार-बार अनुरोध कर रहा था। वह साथ-साथ उनके पाल डेयरी स्थित घर तक आ गया। शिकायतकर्ता ने घर के बाहर ही उसे रोक लिया और छत पर जाकर पुलिस को फोन कर दिया।
वहां पहुंचने पर टीम आरोपित व शिकायतकर्ता को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। बिस्तर पर खून से लथपथ कनिका को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
घटनास्थल पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम पहुंची और अहम साक्ष्य जुटाए। शिकायतकर्ता के बयान, एमएलसी, घटनास्थल की जांच और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर किशनगढ़ थाने में एफआइआर दर्ज कर आरोपित पति अनुराग को गिरफ्तार कर लिया गया है।