दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन विश्वास में 320 चोरी के मोबाइल बरामद, असली मालिकों को सौंपे तो खिले चेहरे
शाहदरा जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत 320 चोरी और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे। जॉइंट सीपी अजीत सिंगला और डीसीपी आरपी मीणा ...और पढ़ें

खोया हुआ मोबाइल सौंपते जेसीपी ईस्टर्न रेंज अजीत सिंगला और डीसीपी शाहदरा आरपी मीणा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास 2026” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 320 चोरी, लूट, स्नैचिंग और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आम जनता में खासा उत्साह देखा गया और इसे एक बड़ी पहल के रूप में सराहा जा रहा है।
बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद
शाहदरा जिला पुलिस ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत 01.01.2026 को की थी। इसका उद्देश्य चोरी, स्नैचिंग, लूट और गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उन्हें वापस दिलाना था। इस अभियान के तहत तकनीकी सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की 13 टीमों को लगाया गया, जिन्होंने लगातार छापेमारी, डिजिटल ट्रैकिंग और फॉलो-अप के जरिए बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद किए।
पोर्टल के जरिए ट्रैक किए मोाबाइल
तकनीकी सर्विलांस टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग, सीडीआर विश्लेषण और केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस किए। कुल 320 मोबाइल फोन में से 75 मोबाइल फोन इसी पोर्टल के जरिए ट्रैक किए गए। टीम ने दिल्ली समेत अन्य राज्यों में सक्रिय मोबाइल फोन की पहचान कर फील्ड टीमों को इनपुट दिया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
थाना स्तर पर भी पुलिस टीमों ने उल्लेखनीय काम किया। शाहदरा थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 88 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि जीटीबी एन्क्लेव से 68, सीमापुरी से 51 और आनंद विहार से 43 मोबाइल फोन रिकवर किए गए। इसके अलावा फरश बाजार, गीता कॉलोनी, एमएस पार्क समेत अन्य थानों की टीमों ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खबरें और भी
एक नजर आंकड़ों पर
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार 317 मोबाइल फोन दिल्ली से, 2 उत्तर प्रदेश से और 1 हरियाणा से बरामद किया गया। वहीं मामलों के हिसाब से देखें तो 259 मोबाइल फोन गुम हुए थे, 42 चोरी के, 13 स्नैचिंग के, 5 घर में चोरी और 1 लूट का मामला शामिल है।
अभियान आगे भी जारी रहेंगे
शनिवार को डीसीपी कार्यालय शाहदरा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सभी 320 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एके सिंगला मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। डीसीपी शाहदरा ने भी टीमों की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “ऑपरेशन विश्वास” के तहत मोबाइल चोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान ने न केवल अपराध पर लगाम लगाने में मदद की है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे को भी मजबूत किया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में अर्थ आवर पर बुझी रोशनी, एक घंटे तक लाइट बंदकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
यह भी पढ़ें- चीनी वीजा घोटाले में कार्ति चिदंबरम की याचिका खारिज, दिल्ली हाईकोर्ट ने किया निपटारा
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो दुर्घटनाएं, पति-पत्नी समेत तीन की मौत और तीन घायल