गाजियाबाद में LLB की पढ़ाई करेगा दिल्ली दंगों का आरोपी शादाब, कोर्ट ने दी दाखिले की अनुमति
कड़कड़डूमा कोर्ट ने दिल्ली दंगा साजिश के आरोपित शादाब अहमद को गाजियाबाद के कृष्णा लॉ कॉलेज में एलएलबी दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दी है। उ ...और पढ़ें

दिल्ली दंगा साजिश मामले के आरोपित शादाब अहमद को एलएलबी में दाखिले की अनुमति मिली।
HighLights
शादाब अहमद को एलएलबी दाखिले की मिली अनुमति।
गाजियाबाद के कृष्णा लॉ कॉलेज में लेगा प्रवेश।
4 से 7 अगस्त तक दिल्ली से बाहर रहने की छूट।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट ने वर्ष 2020 के दिल्ली दंगा साजिश मामले के आरोपित शादाब अहमद को गाजियाबाद स्थित कृष्णा लॉ कॉलेज में एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दे दी है। अदालत ने उसे चार से सात अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम सात बजे के बीच दिल्ली से बाहर जाने की इजाजत दी है, ताकि वह प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर सके।
शादाब अहमद की ओर से पेश अधिवक्ता राहुल देव ने अदालत को बताया कि उनका मुवक्किल विधि की पढ़ाई करना चाहता है, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पांच जनवरी को जमानत देते समय लगाई गई शर्तों के कारण वह अब तक दाखिला नहीं ले सका।
बिना अनुमति नहीं छोड़ सकता NCR
जमानत की शर्तों के अनुसार, उसे अदालत की पूर्व अनुमति के बिना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली छोड़ने की अनुमति नहीं है। बचाव पक्ष ने अदालत को यह भी बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट ने एक अन्य मामले में उसे इसी तरह की अनुमति दी थी और इस मामले में भी वही दृष्टिकोण अपनाने का अनुरोध किया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर वाजपेयी ने याचिका स्वीकार करते हुए शादाब को निर्धारित अवधि के दौरान प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति प्रदान की। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि शादाब तय तिथियों पर सुबह 8:30 बजे संबंधित पुलिस थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के आधे घंटे के भीतर उसे जाने दिया जाएगा।
खबरें और भी
बीसीए की पढ़ाई कर चुका है शादाब
शादाब अहमद पहले गाजियाबाद के एक विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (बीसीए) की पढ़ाई पूरी कर चुका है और दिल्ली के जगतपुरी स्थित एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर के रूप में कार्य कर चुका है। वह वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों की कथित साजिश के मामले में आरोपित है।