दिल्ली में यातायात नियम तोड़ने वालों की होगी काउंसलिंग, 872 ट्रैफिक पाठशालाओं में 17420 चालकों को किया जागरूक
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 'ट्रैफिक पाठशाला' शुरू की है। इसमें अब तक 17,420 नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को जागरूक कर च ...और पढ़ें

दिल्ली गेट चौराहे पर आयोजित ट्रैफिक पाठशाला में यातायात नियमों का पालन करने वाले चालक को टोपी पहनाकर सम्मानित करते उत्तरी व मध्य जिला के यातायात पुलिस उपायुक्त निशांत गुप्ता। जागरण
HighLights
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुरू की 'ट्रैफिक पाठशाला' पहल।
872 पाठशालाओं में 17,420 चालकों को किया गया जागरूक।
नियम पालन करने वाले 2,535 लोगों को मिला सम्मान।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सिर्फ चालान की कार्रवाई करने के बजाय अब उन्हें उनकी गलती और उससे होने वाले खतरे के बारे में भी समझाया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और वाहन चालकों के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए सभी ट्रैफिक सर्किलों में ट्रैफिक पाठशाला शुरू की है। अब तक पूरी दिल्ली में 872 ट्रैफिक पाठशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 17,420 वाहन चालकों की काउंसलिंग और उन्हें जागरूक करने के साथ चालान भी किया गया है।
यातायात पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर शिक्षा, प्रवर्तन और प्रोत्साहन की थ्री-लेयर स्ट्रैटेजी पर काम कर रही है। ट्रैफिक पाठशाला इसी स्ट्रैटेजी का हिस्सा है।
सभी ट्रैफिक सर्किलों के अलावा प्रमुख चौराहों, ज्यादा भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों और शिक्षा संस्थानों तक भी इस कैंपेन को पहुंचाया जा रहा है।
ट्रैफिक पाठशाला में खासतौर पर बाइक पर ट्रिपल राइडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, रेड लाइट जंपिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, ड्रंकन ड्राइविंग और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल जैसे यातायात उल्लंघन पर वाहन चालकों की काउंसलिंग की जा रही है।
नियम पालन पर कार्रवाई भी, पुरस्कार भी
इसके अलावा पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। चालान करने के साथ वाहन चालक को यह भी समझाया जा रहा है कि ट्रैफिक नियम सिर्फ कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी हैं।
वहीं, ट्रैफिक नियम का पालन करने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। अब तक जिम्मेदारी से वाहन चलाने और ट्रैफिक नियम का पालन करने वाले 2,535 लोगों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया है।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा, पुलिस ने धड़ाधड़ काटे 1443 चालान
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खुलेआम पहचान, एलईडी स्क्रीन पर दिखेंगे वाहन नंबर और चालान