Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दस्तक के 4 दिन बाद दिल्ली-NCR में मानसून ने दिखाए तेवर, झमाझम बारिश से मिली राहत; आज भी येलो अलर्ट

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 05:25 AM (GMT+05:30)

    दिल्ली-एनसीआर में मानसून की दस्तक के चार दिन बाद मंगलवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे उमस से राहत मिली। आज भी येलो अलर्ट के साथ ऐसा ही मौसम रहने का पूर्व ...और पढ़ें

    मंगलवार को बहादुर शाह जफर मार्ग पर हो रही वर्षा में छाता लेकर जाता राहगीर। जागरण

    मंगलवार को बहादुर शाह जफर मार्ग पर हो रही वर्षा में छाता लेकर जाता राहगीर। जागरण

    HighLights

    1. मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश।

    2. उमस से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट।

    3. आज भी येलो अलर्ट, अगले चार दिन ऐसा ही मौसम।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मानसून की दस्तक भले ही दो जुलाई को हो गई थी, लेकिन चार दिन से दिल्लीवासी अच्छी वर्षा को तरस रहे थे। मंगलवार को पहली बार मानसून आने का एहसास हुआ।

    दोपहर से शाम तक कहीं झमाझम तो कहीं कहीं भारी वर्षा भी देखने को मिली। दिन भर बादल छाए रहे, उमस से भी कुछ राहत मिली। बुधवार को भी यलो अलर्ट के बीच ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।

    सुबह से दोपहर 12 बजे तक खासी उमस वाली गर्मी रही। इस दौरान धूप भी चुभन भरी थी। महसूस किया जाने वाला तापमान भी 44.7 डिग्री तक था। लेकिन सवा 12 बजे से मौसम ने करवट ले ली।

    77600499

    पहले आंधी चली और फिर वर्षा आई। आंधी की रफ्तार 19 से 41 किमी प्रति घंटा तक रही। पालम और पूसा में डेढ़ बजे के आसपास इसी रफ्तार से आंधी चली। इस दौरान कई इलाकों के तापमान में भी आठ डिग्री तक की गिरावट देखी गई।

    मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम की करवट से अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिली।

    77600502

    जहां तक वर्षा का सवाल है ताे सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 11.9 मिमी रिकार्ड की गई। नजफगढ़ में यह सर्वाधिक 84.0 मिमी दर्ज की गई।

    आज भी छाए रहेंगे बादल

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। यलो अलर्ट भी जारी है। वैसे अगले चार दिन दिल्ली में ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान उमस भी कम होगी और तापमान में कमी भी बनी रह सकती है।

    77600500

    स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली में लगातार हो रही वर्षा उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ, मध्य प्रदेश के ऊपर बने तीव्र निम्न दबाव क्षेत्र और अरब सागर से आने वाली नमी से भरी मानसूनी हवाओं के परस्पर प्रभाव के कारण हुई है।

    खबरें और भी

    धीरे-धीरे कम होगी बारिश की तीव्रता

    उन्होंने कहा कि तापमान में मामूली वृद्धि के साथ अगले दो दिनों में वर्षा की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो जाएगी। इसके बाद छिटपुट वर्षा होने की संभावना रहेगी। पलावत ने बताया कि मौसमी निम्न दबाव क्षेत्र वर्तमान में मध्य भारत के ऊपर स्थित है और 12 जुलाई को धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसककर दिल्ली से गुजरने के बाद हिमालय की तलहटी में स्थिर हो जाएगा।

    उन्होंने कहा, 'दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और आसपास के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में उस समय से मानसून के विराम का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे अपेक्षाकृत शुष्क मौसम रहेगा।'

    मंगलवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हुई वर्षा (मिमी में)

    स्थान वर्षा (मिमी)
    सफदरजंग 11.9
    पालम 15.4
    लोधी रोड 13.2
    रिज 50.1
    आयानगर 32.6
    राजघाट 14.6
    पूसा 41.5
    नजफगढ़ 84.0
    जाफरपुर 15.0
    छत्तरपुर 41.5
    मयूर विहार 19.0
    जनकपुरी 18.0
    नारायणा 22.0

    यह भी पढ़ें- मानसून की पहली बारिश में डूबा लोनी, जलभराव ने खोल दी नगर पालिका के दावों की पोल

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बारिश ने बिगाड़ा नोएडा एयरपोर्ट का शेड्यूल, हैदराबाद-बेंगलुरु समेत कई फ्लाइट्स लेट