नए दोस्त, मस्ती और रिमझिम फुहार... DU फ्रेशर्स के लिए यादगार बना पहला दिन, नए सत्र के साथ कैंपस गुलजार
दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ, जहां बारिश के बावजूद फ्रेशर्स ने नए दोस्तों के साथ यादगार प ...और पढ़ें

कालेज के पहले दिन डीयू के मिरांडा हाउस कालेज कालेज में सेल्फी लेती हुई छात्रा। जागरण
HighLights
नए दोस्तों संग फ्रेशर्स ने ली तस्वीरें, यादगार पल बनाए।
सीनियर्स ने फूलमालाओं से किया स्वागत, रंगारंग कार्यक्रम हुए।
बारिश के बावजूद कॉलेजों में दिखा उत्साह, हेल्पडेस्क लगे।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कहीं फ्रेशर्स नए दोस्तों के साथ फोटो लेकर पहले दिन की यादें संजोते दिखे, कहीं वर्षा की फुहारों के बीच मौज-मस्ती करते दिखे, तो कहीं सीनियर्स, प्राचार्य और प्रोफेसरों के साथ सहज माहौल में बातचीत करते नजर आए।
सीनियर्स ने भी फूलमालाएं पहनाकर नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया और रंगारंग प्रस्तुतियों से पहले दिन को और भी खास बनाया। सुहाने मौसम ने इस उत्साह को और बढ़ाया और परिसर में सभी ने मिलकर यादगार दिन बिताया।
नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर मंगलवार को डीयू के कालेजों में कुछ ऐसा ही खुशनुमा माहौल देखने को मिला।
वर्षा के बीच भी विद्यार्थियों का उत्साह कम ना था और परिसर में खासी रौनक रही। स्कूल के दिनों को पीछे छोड़कर कालेज पहुंचे नए छात्र खूब उत्साहित दिखे।

कई कालेजों के ग्राउंड में छात्राएं रंग-बिरंगे छाते लेकर मानसून और मस्ती के पलों के साथ फोटो खिंचवाते नजर आईं, तो कहीं सेल्फी के साथ यादगार लम्हों को कैद किया। शहीद भगत सिंह कालेज में सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक माहौल से परिचित कराया। मौके पर छात्रों के लिए हेल्पडेस्क लगाए गए थे, जहां विद्यार्थियों को हर तरह का मार्गदर्शन दिया जा रहा था।

उधर, श्री अरबिंदो कालेज का ओरिएंटेशन कार्यक्रम सभागार में सम्पन्न हुआ। कालेज के प्रवेश द्वार पर वरिष्ठ छात्रों ने चंदन का तिलक लगाकर और फूलमालाएं पहनाकर फ्रेशर्स का स्वागत किया। वहीं परिचय सत्र में नए विद्यार्थियों से सभी रूबरू हुए।
खबरें और भी
रंगारंग कार्यक्रम हुए, सहज माहौल में गुजरा दिन
नए विद्यार्थियों के लिए पहला दिन खास और सहज बनाने के लिए प्राचार्य, प्रोफेसर और वरिष्ठ छात्र सभी परिसर में तैनात दिखे। लेडी श्री राम कालेज में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नए विद्यार्थियों का स्वागत किया।

प्राचार्या प्रो. कनिका के. आहूजा ने फ्रेशर्स के साथ संवाद कर बेहद आत्मीय अंदाज में उन्हें कालेज माहौल से रूबरू कराया। वहीं कमला नेहरू कालेज में प्राचार्या प्रो. पवित्रा भारद्वाज ने छात्रों को कालेज के नियम कायदों की जानकारी दी।
उधर, मिरांडा हाउस कालेज में प्राचार्या प्रो. (डा.) बिजयलक्ष्मी नंदा तथा इंडियन म्यूजिक सोसायटी से गीतांजलि ने दीप प्रज्ज्वलित कर ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र समितियों, पुस्तकालय, काउंसलिंग, एनसीसी, एनएसएस, खेल एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
एबीवीपी ने चलाया वेलकम फ्रेशर्स अभियान
डीयू कालेजों में पहले दिन विद्यार्थियों की मदद के लिए एबीवीपी कार्यकर्ता ने कालेजों में ‘वेलकम फ्रेशर्स’ अभियान चलाया। इस दौरान तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर और मिठाई और मिश्री खिलाकर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया।

साथ ही हेल्पडेस्क स्थापित कर टाइम-टेबल, ओरिएंटेशन कार्यक्रम, विभागीय जानकारी, कक्षाओं तथा महाविद्यालय परिसर से संबंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं। एबीवीपी के दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि नए विद्यार्थियों की मदद करना ही इस पहल का मकसद था।
वर्षा के बीच खूब दिखी कैंपस में रौनकसत्र की शुरुआत झमाझम वर्षा के साथ हुई, लेकिन राजधानी में जलभराव के बीच भी कालेज छात्रों का उत्साह कम ना था। रामजस कालेज में मुंबई से बढ़ने आईं स्वाति ने कहा कि अपनी पसंदीदा जगहों में से एक कालेज में दाखिला मिलना मेरा सपना सच होने जैसा है।

पहले दिन वर्षा से थोड़ी परेशानी हुई लेकिन यहां आकर जो मस्ती की है दिन यादगार बन गया। हिंदू कालेज में झारखंड से आए प्रणभ कुमार ने कहा कि नए शहर में आऐ पर थोड़ी झिझक थी लेकिन कालेज आकर जैसा माहौल मिला सारा डर दूर हो गया।
किरोड़ीमल कालेज के प्राचार्य दिनेश खट्टर ने कहा कि लगातार वर्षा के बावजूद खासी संख्या में विद्यार्थी ओरिएंटेशन में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: दूसरी CSAS Allocation List जारी, 24814 को नई सीटें; 30682 छात्रों को मिला अपग्रेड