Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में पोस्टर से लेकर तमिलनाडु और बंगाल में रेड तक: पुलिस ने पाकिस्तान बेस्ड टेरर का किया भंडाफोड़; 8 गिरफ्तार

    Updated: Sun, 22 Feb 2026 07:56 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कोलकाता और तमिलनाडु में छापेमारी कर 7 बांग्लादेशी सहित 8 आतं ...और पढ़ें

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक बड़े माॅड्यूल का भंडाफोड़ किया है। करीब नौ दिनों तक कोलकाता और तमिलनाडु में छापेमारी कर टीम ने सात बांग्लादेशी समेत कुल आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

    बड़ा आतंकी हमला करने की योजना

    गिरफ्तार आतंकियों की पहचान बंगाल के मालदा के उमर फारूक, बांग्लादेशी नागरिक रबि-उल-इस्लाम, मो. लिटन, मो. मिजानुर रहमान, मो. उज्जाल, मो. जहीदुल इस्लाम, उमर और सैफायत होसेन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 12 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं। बांग्लादेश में बैठे लश्कर के हैंडलर शब्बीर अहमद लोन के निर्देश पर यह माॅड्यूल देश में बड़ा आतंकी हमला करने की योजना बना रहा था।

    'ड्राई रन' के लिए किया गया इस्तेमाल

    इसके लिए कई राज्यों में भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी भी कर ली गई थी। आरोपितों के पास से बरामद उनके मोबाइल में इसके वीडियो भी बरामद हुए हैं। समय रहते माॅड्यूल के भंडाफोड़ से बड़ा आतंकी हमला टल गया है। पुलिस के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन ने इन लड़कों का इस्तेमाल ‘ड्राई रन’ के लिए किया था।

    पोस्टरों के जरिए वह माहौल खराब करना चाहता था और अपनी मौजूदगी दर्ज कराना चाहता था। इसके बाद उसका अगला कदम इन बांग्लादेशी नागरिकों को कोलकाता और दिल्ली में बड़ी आतंकी वारदातों के लिए इस्तेमाल करना था। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।

    खबरें और भी

    'फ्री कश्मीर' के देशविरोधी पोस्टर लगा दिए

    स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा के मुताबिक माॅड्यूल का भंडाफोड़ 7 फरवरी को दिल्ली में लगे देशविरोधी पोस्टर से हुआ। कुछ लोगों ने कश्मीरी गेट बस अड्डा और मेट्रो स्टेशन के पास 'फ्री कश्मीर' के देशविरोधी पोस्टर लगा दिए। सीआईएसएफ के जवानों ने इनको देखकर मेट्रो पुलिस को खबर दी। मेट्रो पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

    terrorist

    स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया

    जांच के दौरान पोस्टर लगाने वाले दो आरोपितों के आने-जाने के रूट का मेट्रो पुलिस ने पता लगा लिया। आरोपित पोस्टर लगाने के बाद कोलकाता भाग गए थे। बाद में 13 फरवरी को केस को स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया। फौरन टीम कोलकाता पहुंची। वहां लोकल पुलिस के सहयोग से सेल ने उमर फारूक और रबि-उल-इस्लाम को दबोच लिया।

    पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कबूल लिया किया कि इन लोगों ने बांग्लादेश में बैठे लश्कर के हैंडलर शब्बीर अहमद लोन के इशारे पर पोस्टर लगाए थे। लश्कर के इशारे पर भारत के कई राज्यों में भीड़भाड़ वाली जगह की रेकी कर वहां हमले की तैयारी चल रही थी। इसके लिए हथियारों का इंतजाम किया जा रहा था।

    लोकल पुलिस की मदद से इनको दबोच

    उमर ने बताया कि एक और बांग्लादेशी हैंडलर सैद-उल-इस्लाम जो किसी और देश में है, उसने उमर फारूक को छह बांग्लादेशियों से संपर्क कराया। यह सभी तमिलनाडु में मौजूद थे। सैद-उल-इस्लाम के आदेश पर यह तमिलनाडु से कोलकाता पहुंचने वाले थे। इससे पहले सेल की टीम ने तमिलनाडु पहुंचकर लोकल पुलिस की मदद से इनको दबोच लिया।

    आतंकियों को लाया जा रहा दिल्ली

    पुलिस की टीम तमिलनाडु से ट्रेन में लेकर इनको दिल्ली के लिए निकल चुकी है, सोमवार को इनके पहुंचने की उम्मीद है। बाकी उमर फारूक और रबि-उल-इस्लाम से लगातार पूछताछ की जा रही है। इनके पास से करीब 12 मोबाइल फोन व 16 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस उनकी भी पड़ताल कर रही है।

    यह भी पढ़ें- ISI का आतंकी हमले की साजिश नाकाम, बंगाल-तमिलनाडु से 8 संदिग्ध गिरफ्तार; बांग्लादेश का भी कनेक्शन

    यह भी पढ़ें- फ्री कश्मीर के पोस्टर, बांग्लादेश में सीक्रेट मीटिंग और ISI का टेरर मॉड्यूल... इस तरह रची थी भारत को दहलाने की साजिश

    यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के बाद बांग्लादेशी मॉड्यूल का पर्दाफाश, हाफिज सईद से संपर्क में रहा शब्बीर अहमद; क्या था लश्कर का प्लान?