NEET Paper leak 2026: शिक्षा माफिया हमेशा सरकार की तैयारियों से रहते हैं दो कदम आगे, सुरक्षा और निष्पक्षता पर सवाल
समय-समय पर मेडिकल परीक्षा के तरीकों में बदलाव तो किए गए लेकिन पेपर लीक की समस्या का समाधान नहीं मिल सका। परीक्षा में निष्पक्षता और शुचिता के दावों पर ...और पढ़ें

नीट-यूजी 2026 (NEET-UG 2026) का प्रश्न पत्र लीक होने से बड़ी संख्या में इस बहुप्रतिष्ठित परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का सपना चूर-चूर हो गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में एक परीक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। नीट-यूजी 2026 (NEET-UG 2026) का प्रश्न पत्र लीक होने के साथ ही बड़ी संख्या में इस बहुप्रतिष्ठित परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का सपना चूर-चूर हो गया है। समय-समय पर मेडिकल परीक्षा के तरीकों में बदलाव तो किए गए लेकिन पेपर लीक की समस्या का समाधान नहीं मिल सका। यानी परीक्षा के स्वरूप बदलते रहे। केंद्र और राज्य सरकार परीक्षा में निष्पक्षता और शुचिता का दावा करते रहे और शिक्षा माफिया सेंध लगा रहे हैं।
सरकार से सभी पूछ रहे सवाल
देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा में हुए सेंधमारी के बाद से विपक्षी दल, छात्र संगठन और अभिभावक सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। उनका कहना है कि यह घोटाले सिर्फ कुछ पेपर लीक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के भविष्य और मेरिट की हत्या करने के समान है।
नीट की तैयारी कर रहे अनिकेत मिश्र कहते हैं, 'ऐसा लगता है कि इस परीक्षा की तैयारी करके अपना समय बर्बाद कर रहा था। कड़ी मेहनत के बाद परीक्षा का रद (neet exam cancelled 2026) हो जाना बहुत अखरता है।'
वहीं, अनिकेत के पिता अरुण मिश्रा ने कहा, 'महंगी कोचिंगों में बच्चे को पढ़ाने के बाद जब यह आशा करते हैं कि अब मेहनत का उचित फल मिलेगा तो इस तरह से परीक्षा का रद होना मन को तोड़ सा देता है।'
खबरें और भी
पहले भी हो चुके हैं ऐसे पेपर लीक
हमारे देश में प्रतियोगी परीक्षाओं का पर्चा समय से पहले ही बाजार में उपलब्ध हो जाना कोई नई बात नहीं है। राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं का आरए दिन सही हश्र होता रहता है। ऐसे में कई बार परीक्षा की तैयारी करने वाले होनहार आयु सीमा को भी पार कर जाते हैं। वे जीवनभर भ्रष्ट सिस्टम को कोसते रहते हैं।
दरअसल, नीट-यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों ने एक बार फिर देश की मेडिकल प्रवेश परीक्षा व्यवस्था की जड़ों को खा रहे दीमक को उजागर कर दिया है। छात्र, अभिभावक और शिक्षा विशेषज्ञों में गहरा आक्रोश है। यह विवाद भारत के सबसे प्रतिस्पर्धी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है।
भारत के प्रमुख मेडिकल परीक्षा में कब-कब हुए घोटाले?
- व्यापमं घोटाला (2013): भारत में मेडिकल परीक्षा में गड़बड़ी की बात होती है तो सबसे व्यापमं घोटाला याद आता है। मध्य प्रदेश के व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से होने वाला यह देश का सबसे बड़ा घोटाला था। मेडिकल प्रवेश समेत विभिन्न परीक्षाओं में नकल, छद्मवेश और भारी रिश्वतखोरी का मामला उजागर हुआ था। हैरानी की बात है इसकी जांच की जद में आने वाले कई कई गवाहों और आरोपियों की रहस्यमय परिस्थितयों में मौत भी हो गई थी। इस घोटाले में अभ्यर्थी मध्यस्थों को करोड़ों रुपये देकर सफल हो जाते थे। अंत में इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई के हाथों में चला गया था।
- NEET-UG 2024 विवाद: साल 2024 की नीट परीक्षा में कई राज्यों में पेपर लीक के मामले उजागर हुए थे। उस समय बिहार और गुजरात से कई गिरफ्तारियों को अंजाम दिया गया था। असामान्य रूप से कई छात्रों के पूर्णांक या बहुत उच्च अंक आने से संदेह बढ़ने पर मामले का खुलासा हुआ था। परीक्षा में धांधली की बात उजागर होते ही छात्रों के बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। पेपर की सुरक्षा और वितरण में गंभीर चूक सामने आई।
- राज्य स्तर के PMT घोटाले : नीट से पहले कई राज्यों में आयोजित प्री-मेडिकल टेस्ट (Pre-Medical Test-PMT) में भी सेंधमारी करने वालों ने अभ्यर्थियों के साथ धोखा किया था। परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल, फर्जी पहचान-पत्र और संगठित नकल माफिया के सुबूत उजागर हुए थे।
कुल मिलाकर परीक्षाओं का स्वरूप बदलता गया। चौकसी के हाइटेक इंतजाम भी किए जा रहे हैं लेकिन परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न नहीं हो पा रहे हैं।
निष्पक्ष परीक्षा परिणाम का कैसे हो भरोसा?
सरकार और एनटीए (National Testing Agency) ने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल सुरक्षा और कड़े प्रोटोकॉल लागू किए हैं। फिर भी नकल की हाइटेक तकनीक सारी तैयारियों पर पानी फेर देती है। नीट-यूजी लाखों छात्रों का भविष्य तय करने वाली परीक्षा है।
हर साल इसमें भाग लेने वाले छात्रों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन परीक्षा की निष्पक्षता पर उठते सवाल पूरे मेडिकल शिक्षा तंत्र को प्रभावित कर रहे हैं।
शिक्षा विशेषज्ञ अतुल शुक्ला का कहना है कि ऐसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के मन में इस बात का विश्वास पैदा करना कि जो भी परिणाम आया है, वह निष्पक्ष है। सरकार के लिए बहुत बड़ी चुनौती है।