दिल्ली में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन: ‘लव जिहाद’ और मतांतरण के खिलाफ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने दिल्ली में लव जिहाद और मतांतरण की बढ़ती घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। रोहिणी, डीयू मेट्रो स्टेशन और राजा ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के बाहर लव जिहाद के विरोध में प्रदर्शन करते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता। जागरण
HighLights
विहिप और बजरंग दल ने दिल्ली में प्रदर्शन किया।
लव जिहाद और मतांतरण के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) व बजरंग दल के इंद्रप्रस्थ प्रांत ने देश में बढ़ती लव जिहाद और मतांतरण की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया।
रोहिणी, डीयू मेट्रो स्टेशन के बाहर और राजा गार्डन चौक समेत दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए मतांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही इस पर प्रशासन से कठोरता से कार्रवाई करने की मांग की।
गंभीर संकट का संकेत
विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश में बढ़ती घटनाएं अब चेतावनी नहीं, बल्कि गंभीर संकट का संकेत हैं। संगठित रूप से समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक संरचना पर प्रहार किए जा रहे हैं।
इन्हें अब किसी भी स्थिति में अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मतांतरण और लव जिहाद जैसी गतिविधियों पर समय रहते कठोर और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो इसके दूरगामी परिणाम देश और समाज के लिए घातक सिद्ध होंगे।
गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक असंतुलन और बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के अस्तित्व और सम्मान का प्रश्न बन चुका है।
विघटनकारी तत्वों के प्रति नरमी कारण
उन्होंने कहा कि ऐसा जब होता है कि जब जब धार्मिक आयोजनों पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाए जाते हैं और दूसरी ओर विघटनकारी तत्वों के प्रति नरमी बरती जाती है।
उन्होंने हिंदू समाज को भी कठोर संदेश देते हुए कहा कि अब उदासीनता का समय समाप्त हो चुका है। चुप्पी अब विकल्प नहीं है। जागरूकता और सक्रियता ही समाधान है। इसलिए संगठित होकर इसके खिलाफ आवाज उठाए।