18 शब्द, 14 भाषाएं और 9 सिंगर्स की आवाज; तिरंगे की साड़ी में लता दीदी ने जब छेड़े सुर, देशभक्ति गीत आज भी है अमर
38 साल पहले 15 अगस्त के दिन एक देशभक्ति गीत दूरदर्शन (Doordarshan) पर प्रसारित हुआ जिसमें राष्ट्रीय एकता देखने को मिली थी।

15 अगस्त पर रिलीज हुआ था देशभक्ति गीत। फोटो क्रेडिट- यूट्यूब
HighLights
एक गाना में इस्तेमाल हुए 14 भाषा
9 सिंगर्स ने मिलकर गाने को दी आवाज
23 कलाकारों ने गाने की बढ़ाई थी शोभा
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। यूं तो भारतीय सिनेमा ने कई सदाबहार और दिल छू लेने वाले देशभक्ति गीत बनाए, लेकिन क्या आपको पता है कि 38 साल पहले एक गीत बना था जो खासकर राष्ट्रीय एकता को समर्पित था और इसे 15 अगस्त के ही दिन पहली बार प्रसारित किया गया था।
इस गीत को बनाने का मकसद ही भारतीयों में गर्व की भावना जगाना और एकता को बढ़ावा देना था। फिल्मी, खेल और बड़ी हस्तियां इस गीत का हिस्सा बनी थीं। दिग्गज गायिका और गायिकाओं ने मिलकर एक साथ सुरों का संग्राम छेड़ दिया था। आज भी यह देशभक्ति गीत (Patriotic Song) 15 अगस्त और 26 जनवरी पर जरूर बजता है।
स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार हुआ प्रसारित
जिस गीत की हम बात कर रहे हैं, वो है 'मिले सुर मेरा तुम्हारा तो सुर बने हमारा' (Mile Sur Mera Tumhara Song)। आज से ठीक 38 साल पहले 15 अगस्त 1988 को लाल किले पर ध्वाजारोहण के बाद दूरदर्शन पर पहली बार यह गीत बजा था। अनेकता में एकता का संदेश देने के लिए बनाया गया यह गीत अमर हो गया।

18 शब्द से बना था 5 मिनट 48 सेकंड का गाना
इस गीत को लोक सेवा संचार परिषद ने बनाया था और भारत के सूचना मंत्रालय ने प्रमोट किया था। 14 भाषाओं में बने इस गीत को भीमसेन जोशी ने कंपोज किया था और बोल पीयूष पांडे के कलम से लिखे गए थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस गीत को 18 शब्दों के इर्द-गिर्द ही बुना गया था।

इस देशभक्ति गीत को 9 सिंगर्स- पंडित भीमसेन जोशी, विदवान श्री एम बालमुरलीकृष्ण, लता मंगेशकर, कविता कृष्णमूर्ति, शुभांगी बोस, सुचित्रा मित्रा, आर ए राम मणि, आनंद शंकर, पूर्णिमा ने मिलकर गाया था। खास बात यह थी कि गीत के वीडियो में बड़ी-बड़ी हस्तियों ने सहयोग किया।
वीडियो में दिखे थे 23 एक्टर्स
'मिले सुर मेरा तुम्हारा' में कवि, एक्टर्स, क्रिकेटर्स, फुटबॉलर्स, हॉकी प्लेयर्स, बैडमिंटन प्लेयर और बास्केटप्लेयर व डांस जैसे आर्टिस्ट ने हिस्सा लिया था। सेलिब्रिटीज की बात करें तो म्यूजिक वीडियो में कमल हासन, अमिताभ बच्चन, जीतेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती, शर्मिला टैगोर, हेमा मालिनी, मीनाक्षी शेषाद्रि, सायरा बानो, रेवती, वहीदा रहमान और शबाना आजमी समेत 23 सितारों ने काम किया था।
इस गीत के वीडियो के जरिए सेलिब्रिटीज ने विविधता में एकता का संदेश दिया। सबसे ज्यादा ध्यान गाने के आखिर में तिरंगे की छवि वाली साड़ी में लता मंगेशकर ने ध्यान खींचा। आज भी यह गीत देशभक्ति की भावना जगा देता है।
16 साल पहले हुआ था रीक्रिएट
साल 2010 में 26 जनवरी के मौके पर इस गाने को दोबारा 'फिर मिले सुर मेरा तुम्हारा' गाना बना जिसे कैलाश सुरेंद्रनाथ ने डायरेक्ट किया था। इस गीत को श्रेया घोषाल और शान समेत 9 सिंगर्स ने गाया था और कई अभिनेता वीडियो में नजर आए थे।

