Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Explainer: 'डॉन को पकड़ना मुश्किल ही नहीं...', Ranveer Singh के लिए नामुमकिन हो गया!

    Updated: Fri, 29 May 2026 06:09 PM (IST)

    अमिताभ बच्चन और शाह रुख खान के बाद रणवीर सिंह (Ranveer Singh) के डॉन बनने की तैयारी थी, लेकिन अब यह नामुमकिन सा हो गया है। ...और पढ़ें

    रणवीर सिंह और डॉन 3 का विवाद। फोटो क्रेडिट- जागरण

    रणवीर सिंह और डॉन 3 का विवाद। फोटो क्रेडिट- जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 'मेरा इंतजार तो ग्यारह मुल्कों की पुलिस कर रही है, लेकिन डॉन को पकड़ना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है...', 

    दो 'डॉन' का तो दुनिया के सारे मुल्कों का पता चल गया, लेकिन तीसरे 'डॉन' को पकड़ना वाकई नामुमकिन हो गया है और आलम यह है कि अब मामला कोर्ट-कचहरी से होते हुए FWICE तक पहुंच गया है।

    बॉलीवुड का तीसरा 'डॉन'

    70 के दशक में सिनेमा को अमिताभ बच्चन के रूप में सबसे पहला 'डॉन' मिला। इसके बाद 2006 में शाह रुख खान 'डॉन' बनकर छा गए। इस फ्रेंचाइजी की दो फिल्मों में सिर्फ एक डॉन का राज था और वह थे शाह रुख। फिर आई तीसरे की बारी, इस बार शाह रुख की जगह रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने ले ली। 

    फरहान अख्तर की ऑफिशियल मुहर

    जब फिल्मी गलियारों में 'डॉन 3' की चिंगारी उठी तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया कि आखिर अगला 'डॉन' कौन बनेगा। तब खुसफुसाहट में 'पद्मावत' के 'खिलजी' रणवीर सिंह (Ranveer Singh) का नाम सामने आया। महीनों तक बस कयास ही लगते रहे, जब तक कि 'डॉन' के डायरेक्टर और को-प्रोड्यूसर फरहान अख्तर ने दुनिया के सामने ऐलान नहीं कर दिया कि 'अगला डॉन' कौन होगा।

    Farhan Ranveer

    'डॉन 3' की कास्ट हो गई थी फाइनल

    फिर आया अगस्त 2023 और सिनेमा का सबसे बड़ा ऐलान हुआ... 'डॉन 3' में डॉन बनने जा रहे हैं रणवीर सिंह (Ranveer Singh)। 'गुंडे', 'राम-लीला' और 'सिंबा' करने वाले रणवीर के लिए सुपरहिट फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना बड़ी बात थी। सब कुछ सेट था। पहले कियारा आडवाणी (Kiara Advani) के 'जंगली बिल्ली' बनने की चर्चा हुई, लेकिन फिर कृति सेनन ने उन्हें रिप्लेस कर दिया।

    बार-बार शूटिंग में फंसा पेंच

    मेन कास्ट फाइनलाइज हो गई थी, शुरू होनी थी तो बस शूटिंग का काम। फिल्म की शूटिंग बार-बार पोस्टपोन होती गई। पहले शूटिंग अगस्त 2024 में शुरू होने वाली थी। फिर इसे जनवरी 2025 तक बढ़ा दिया गया और फिर तीन-चार महीने शूटिंग की डेट और आगे बढ़ गई। कभी रणवीर सिंह पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ (सिंघम अगेन की तैयारी और पिता बनना) में बिजी हो गए तो कभी फरहान अख्तर अपनी फिल्म '120 बहादुर' में व्यस्त हो गए। उम्मीद थी कि '120 बहादुर' के तुरंत बाद फरहान 'डॉन 3' में जुट जाएंगे।

    खबरें और भी

    'डॉन' से 'धुरंधर' का किनारा

    मगर शूटिंग शुरू होने से पहले ही रणवीर सिंह की 'धुरंधर' (Dhurandhar) आ गई और इसने कमाई के सारे समीकरण हिला दिए और वह छा गए। धुरंधर की सफलता के चंद दिनों बाद ही खबरें आने लगीं कि रणवीर ने 'डॉन 3' से किनारा कर लिया है। मामला क्रिएटिव डिफ्रेंस को बताया गया।

    फरहान-रणवीर का विवाद

    आखिरकार कन्फर्म हो गया कि रणवीर सिंह ने वाकई 'डॉन 3' छोड़ दी है। रिपोर्ट्स से सामने आया कि रणवीर 'डॉन 3' की स्क्रिप्ट से खुश नहीं थे और फरहान से क्रिएटिव बदलाव की मांग कर रहे थे। फिर खबर आई कि बार-बार देरी के कारण रणवीर सिंह अपने दूसरे प्रोजेक्ट पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे और उनमें भी देरी हो रही थी।

    45 करोड़ की मांग

    खबरें ऐसी भी आईं कि रणवीर के होते हुए ऋतिक रोशन को 'डॉन 3' के लिए अप्रोच किया गया। मगर बाद में खुद 'कृष' एक्टर ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया। कहा जा रहा था कि रणवीर सिंह के अचानक फिल्म छोड़ने से फरहान अख्तर और प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी के करीब 40-45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मेकर्स ने डिमांड की कि रणवीर इसकी भरपाई करें। इसके चलते फरहान प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के पास गए और अपनी बात रखी। मगर मामला नहीं सुलझा।

    रणवीर सिंह के बैन की उठी मांग

    अप्रैल के महीने में अपनी परेशानी लेकर फरहान अख्तर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के पास लेकर पहुंचे। दोनों ने रणवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। FWICE ने कहा कि रणवीर से बार-बार जवाब मांगा गया लेकिन उन्होंने कुछ जवाब नहीं दिया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में FWICE ने एक्टर के खिलाफ 'नॉन-कॉपरेशन' का निर्देश जारी कर दिया और इंडस्ट्री के लोगों से उन्हें बैन करने की मांग की।

    ranveer farhan

    रणवीर सिंह पर कैसा आरोप?

    FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने यह भी कहा कि रणवीर सिंह ने शूटिंग यूनिट के रवाना होने से ठीक तीन हफ्ते पहले ही 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया, जिससे इस प्रोजेक्ट में काफी बाधा उत्पन्न हुई। रणवीर ने इस मामले में खुलकर कुछ नहीं कहा लेकिन उनकी टीम ने रिएक्ट करते हुए कहा है कि वह इसे समझदारी से संभालेंगे।

    दो हिस्सों में बंटी इंडस्ट्री

    डॉन 3 का विवाद इतना बढ़ गया है कि अब इंडस्ट्री और फैंस दो हिस्सों में बंट गए हैं- टीम रणवीर और टीम फरहान। मीका सिंह से लेकर राखी सावंत और सिंटा की वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे ने रणवीर का सपोर्ट किया, जबकि FWICE समेत कुछ लोग फरहान के सपोर्ट में हैं। कहा जा रहा है कि सलमान खान इस मुद्दे पर पीसमेकर बन गए हैं। वह दोनों से बात करके मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- 'बैन' होने पर Ranveer Singh की टीम ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, Don 3 के विवाद पर कहा- 'उन्होंने जान-बूझकर...'

    रणवीर या फरहान... किसमें है गलती?

    एक फिल्म जिसका इंतजार पिछले 15 सालों से किया जा रहा था, उस पर पिछले 6 महीने से बवाल मचा हुआ है। रणवीर को डॉन के रूप में देखने लिए '11 मुल्कों' की पुलिस ही नहीं, बल्कि करोड़ों जनता बेताब थी, लेकिन एक विवाद ने इसे गलत कारणों से ही लाइमलाइट में ला दिया। 

    रणवीर का 'डॉन 3' छोड़ना, फरहान का उनसे 45 करोड़ की डिमांड करना और फिर FWICE से शिकायत करना और फिर बैन की मांग... इन चीजों ने एक 'डॉन' को देशभर के लिए एक डिबेट बना दिया है। हालांकि, रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच आखिर 'डॉन 3' को लेकर आखिर असली मसला क्या है, यह अभी किसी को नहीं पता। 

    रणवीर सिंह का अचानक फिल्म छोड़ना, यह मसला इतना बड़ा तो नहीं हो सकता क्योंकि इससे पहले भी इंडस्ट्री में कई स्टार्स ऐन मौके पर फिल्में छोड़ चुके हैं। थोड़ा विवाद हुआ लेकिन इतना बड़ा नहीं। ऊपर से रणवीर का भी यूं ढाई साल बाद अचानक 'डॉन 3' से पल्ला झाड़ना हजम करने जैसा नहीं है। क्या वाकई उनके बीच क्रिएटिव डिफ्रेंसेस थे या फिर EGO ने उनके बीच अनबन पैदा की... यह मामला काफी उलझा हुआ है।

    यह भी पढ़ें- Don 3 के विवाद में Salman Khan की एंट्री, फरहान और रणवीर के बीच भाईजान करेंगे सुलह की कोशिश?