1800 करोड़ी Dhurandhar 2 का रिकॉर्ड तोड़ने आ रहीं ये 7 बड़ी फिल्में, अगस्त से बदलेगा बॉक्स ऑफिस का गणित!
अगस्त के साथ ही त्योहारों के सीजन में इन पांच महीनों के दौरान कई बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। ऐसे में सवाल यही है कि क्या कोई धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandha ...और पढ़ें

आने वाले 5 महीने में रिलीज होने वाली फिल्में। फोटो क्रेडिट- एक्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। बीते सात महीनों के बॉक्स ऑफिस पर नजर डालें तो धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandhar: The Revenge) का दबदबा साफ दिखाई देता है। करीब 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की वैश्विक कमाई के साथ यह साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनकर उभरी और इसके सामने कोई दूसरी फिल्म टिक नहीं सकी।
बॉर्डर 2 और भूत बंगला जैसी फिल्में भी इसकी बराबरी नहीं कर पाईं। वहीं हालिया रिलीज धमाल 4 और वेलकम टू द जंगल ने भी 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर व्यावसायिक सफलता हासिल की। इसके बावजूद 2026 का हिंदी बॉक्स ऑफिस अब तक एक ऐसी ब्लॉकबस्टर का इंतजार करता दिखा, जो धुरंधर: द रिवेंज जैसी सनसनी दोबारा पैदा कर सके।
थिएटर्स में आने वालीं बड़ी फिल्में
सात अगस्त को 'ओह माय डॉग' रिलीज हो रही है। उसके बाद 14 अगस्त को सनी देओल अभिनीत 'बंटवारा 1947' (Batwara 1947) और 'आवारापन 2' की बॉक्स ऑफिस पर तकरार होगी। खास बात यह है कि इन पांच महीनों में सलमान खान या आमिर खान अभिनीत कोई फिल्म रिलीज नहीं होगी। जबकि अक्षय कुमार की 'हैवान' और अजय देवगन की दो फिल्में 'दृश्यम 3' और 'रेंजर' आएंगी।
करीना कपूर की 'दायरा' भी सितंबर में आएगी। चार हजार करोड़ रुपये के बजट में बनी 'रामायणम्' का बेसब्री से इंतजार है। आगामी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस उम्मीद को लेकर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श कहते हैं कि बचे पांच महीनों में कई फिल्में रिलीज हो रही हैं लेकिन 'बंटवारा 1947', 'आवारापन 2', 'रामायणम् पार्ट 1', शाह रुख खान अभिनीत 'किंग' की चर्चा काफी है। इनके अलावा 'मिर्जापुर : द मूवी', 'हैवान', 'दृश्यम 3', 'रेंजर' जैसी फिल्में भी सुर्खियों में हैं।
खबरें और भी
हर फिल्म से रखें उम्मीद
वैसे उम्मीद तो हर पिक्चर से करनी चाहिए। अब पिछले वर्ष रिलीज हुई फिल्म 'सैयारा' को ही ले लीजिए। किसी ने उम्मीद की थी कि ये फिल्म तीन सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस करेगी। बॉक्स ऑफिस कभी भी सरप्राइज करता है। ये नहीं कह सकते कि बड़ी फिल्म ही कामयाब होगी। रिलीज से पहले धुरंधर सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी ये किसी ने उम्मीद की थी? कहने का मतलब ये है कि दर्शक किस फिल्म को सराहे और किसे आसमान पर बैठा दे यह कोई नहीं जानता।
बॉक्स ऑफिस तो हर शुक्रवार बदलता है। निसंदेह इस साल फिल्मों की संख्या में कमी आई है। मेरा मानना है कि बेशक कम फिल्में रिलीज हों, लेकिन कामयाब हों। यही सबसे जरूरी है। हालांकि, दीवाली पर 'रामायणम्' से बॉक्स ऑफिस को काफी उम्मीदें हैं।
हॉलीवुड से रहेगी टक्कर
आगामी महीनों में हॉलीवुड की कई बडी फिल्में भी दर्शकों का ध्यान खींचने वाली हैं। 'द ओडिसी' पहले ही दुनिया भर में शानदार कारोबार कर रही है। इसी बीच 'स्पाइडरमैन: ब्रांड न्यू डे' (Spider-Man: Brand New Day) 30 जुलाई को रिलीज हो चुकी है। इसके बाद 'हार्ट आफ द बीस्ट', 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'जुमानजी : ओपन वर्ल्ड' जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्में भी रिलीज होंगी।
हॉलीवुड से पंगा लेने से डर रहा भारतीय सिनेमा?
ट्रेड विश्लेषक कोमल नहाटा का कहना है कि भारतीय दर्शकों में हॉलीवुड फिल्मों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए हिंदी निर्माता अब अपनी रिलीज डेट बेहद सोच समझकर तय करते हैं। वह कहते हैं कि 'स्पाइडरमैन' जैसी बड़ी फिल्म के सामने कोई निर्माता अपनी बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं करना चाहता।
निर्माता अब समझ चुके हैं कि बड़ी हॉलीवुड फिल्में बॉक्स ऑफिस पर किसी हिंदी सुपरस्टार की फिल्म से कम नहीं होतीं। जिस तरह शाह रुख खान की फिल्म के सामने छोटे निर्माता अपनी फिल्म लाने से बचते हैं, उसी तरह हॉलीवुड की मेगा रिलीज के साथ भी टकराव से बचा जाता है।
कोमल मानते हैं कि अब हॉलीवुड और बॉलीवुड को साथ-साथ चलना होगा। उनके अनुसार, "हॉलीवुड फिल्मों का आना रुकने वाला नहीं है। तकनीक के मामले में हम उनका मुकाबला नहीं कर सकते, लेकिन कंटेंट के दम पर जरूर मुकाबला कर सकते हैं। यही हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत है।"
पैन इंडिया फिल्मों का भी होगा दबदबा
21 अगस्त को नानी अभिनीत पैन इंडिया फिल्म 'द पैराडाइज', 28 अगस्त को यश अभिनीत 'टॉक्सिक : ए फेरीटेल फार ग्रोन-अप्स', उसके बाद प्रभास की 'फौजी' जैसी कई पैन इंडिया फिल्में भी आएंगी। इन फिल्मों को लेकर राज बसंल कहते हैं कि अभी दक्षिण भारतीय फिल्ममेकर फिल्मों को हिंदी समेत कई क्षेत्रीय भाषाओं में डब कर लेते हैं और मानते हैं कि बहुत बड़ा बिजनेस करेगी। पिछले कुछ वर्षों में 'बाहुबली', 'केजीएफ', 'आरआरआर' जैसी गिनी चुनी फिल्में चलीं।
इस साल अभी तक कोई पैन इंडिया हिट नहीं हुई। बीते दिनों रिलीज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय अभिनीत फिल्म 'जन नायकन' हिंदी में नहीं चली।
क्याा है सफलता की गारंटी?
बहरहाल, सभी फिल्म विश्लेषक यह मानते हैं कि अब बॉलीवुड में सिर्फ स्टारडम बॉक्स ऑफिस की सफलता की गारंटी नहीं रहा। आज के दौर में सफलता की सबसे बडी गारंटी कंटेंट है। सितारे शुरुआती ओपनिंग दिला सकते हैं, लेकिन किसी फिल्म को लंबी दौड में टिकाए रखने का काम केवल मजबूत कहानी और अच्छा कंटेंट ही करता है।
ऐसे में त्योहारी सीजन में निगाहें सिर्फ सितारों पर नहीं, बल्कि इस बात पर होंगी कि कौन-सी फिल्म अपने कंटेंट के दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाती है।
दामों पर नियंत्रण जरूरी
बड़े सितारों की फिल्मों के टिकटों के दाम अक्सर बढ़ा दिए जाते हैं। इस पर फिल्म वितरक और मल्टीप्लेक्स मालिक राज बंसल कहते हैं, "मल्टीप्लेक्स चेन हों या निर्माता, आखिर सभी कारोबारी हैं। जब कोई बड़ी फिल्म रिलीज होती है, उससे पहले के दो-तीन महीने अक्सर कारोबार के लिहाज से कमजोर रहते हैं। ऐसे में उन्हें लगता है कि उस दौरान हुए नुकसान की भरपाई कैसे की जाए। इसलिए बड़ी फिल्म के आने पर टिकटों की कीमतें बढ़ा दी जाती हैं।
मेरा मानना है कि अगर टिकटों के दाम सीमित और वाजिब तरीके से बढ़ाए जाएं, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन जब कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी कर दी जाती है, तो इसका सीधा असर दर्शकों पर पड़ता है और वे सिनेमाघरों से दूरी बनाने लगते हैं।"
अगस्त से दिसंबर 2026 के बीच रिलीज होने वाली चर्चित फिल्मों की सूची
आवारापन 2 – 14 अगस्त
कलाकार: इमरान हाशमी, दिशा पाटनी
बंटवारा 1947 – 14 अगस्त
कलाकार: सनी देओल, वरुण बडोला, सिमोन सिंह
टॉक्सिक - 26 अगस्त
कलाकार : यश, कियारा आडवाणी,
दृश्यम 3 – 2 अक्टूबर
कलाकार: अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज
रामायणम् पार्ट 1 – 6 नवंबर
कलाकार: रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता
रेंजर – 4 दिसंबर
कलाकार: अजय देवगन, संजय दत्त, तमन्ना भाटिया
किंग – 24 दिसंबर
कलाकार: शाह रुख खान, सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन
यह भी पढ़ें- Toxic से 'मिर्जापुर' तक... Box Office पर आने वाला है सबसे बड़ा तूफान, एक हफ्ते में 4 बड़ी फिल्में होंगी रिलीज
यह भी पढ़ें- Maatrubhumi की रिलीज पर आया बड़ा अपडेट, 2026 में ही बड़े पर्दे पर दहाड़ेगी Salman Khan की फिल्म