लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान हुई थी तोड़फोड़, अब तक जांच पूरी नहीं कर सकी पुलिस ने हाई कोर्ट से मांगा और वक्त
पुलिस ने कलकत्ता हाई कोर्ट से लियोनेल मेसी के कोलकाता कार्यक्रम के दौरान हुई अराजकता पर रिपोर्ट सौंपने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। ...और पढ़ें

लियोनेल मेसी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। लियोनेल मेसी के बहुचर्चित कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद युवा भारतीय क्रीड़ांगन (साल्टलेक स्टेडियम) में वास्तव में क्या हुआ था, इस पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए राज्य की पुलिस ने कलकत्ता हाई कोर्ट से अतिरिक्त समय की मांग की है। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि अब इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 11 अगस्त को होगी।
युवा भारतीय क्रीड़ांगन में आयोजित मेसी के कार्यक्रम के दौरान भारी अराजकता और कुव्यवस्था फैल गई थी। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राज्य के तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद यह मामला कलकत्ता हाई कोर्ट तक जा पहुंचा था।
जांच के लिए बनी थी कमेटी
अरूप विश्वास को कानूनी सुरक्षा प्रदान करने वाले इस मामले में हाई कोर्ट ने एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया था। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने इस समिति को निर्देश दिया था कि वह घटना के दिन स्टेडियम के भीतर हुई एक-एक बात की गहराई से जांच करे। इसी सिलसिले में अदालत ने पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी।
मंगलवार को कोर्ट में जब मामले पर सुनवाई शुरू हुई तो पुलिस की ओर से रिपोर्ट सौंपने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया गया। राज्य के वकील कल्लोल मंडल ने अदालत को बताया कि हाल ही में बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है, जिसके कारण रिपोर्ट तैयार करने में विलंब हुआ है। इसलिए अदालत से आग्रह किया गया कि रिपोर्ट जमा करने के लिए कुछ और समय प्रदान किया जाए। इसके बाद न्यायाधीश ने मामले की अगली तारीख तय की।
खबरें और भी
13 दिसंबर को हुई थी घटना
गौरतलब है कि गत वर्ष 13 दिसंबर को अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी को कोलकाता लाया गया था। लेकिन स्टेडियम के अंदर कुप्रबंधन के कारण भारी हंगामा खड़ा हो गया। भारी-भरकम कीमत पर टिकट खरीदने के बावजूद कई प्रशंसक मेसी की एक झलक तक पाने से वंचित रह गए थे। जैसे ही मेसी ने स्टेडियम छोड़ा, वैसे ही आक्रोशित भीड़ ने वहां जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।