'मेरी पत्नी है इन सबकी जिम्मेदार...', बहादुरगढ़ में पहले बेटों को दिया जहर; फिर फंदे पर झूला पिता
बहादुरगढ़ में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बेटों को जहर देकर मार डाला और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

पुलिस मामले की जांच करती हुई।
HighLights
बहादुरगढ़ में पिता ने दो बेटों को जहर देकर मारा।
पिता ने बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में पत्नी को जिम्मेदार ठहराया गया।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के ओमेक्स स्थित बीपीएल फ्लैट नंबर-309 में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 37 वर्षीय सुनील ने पहले अपने दो मासूम बेटों को कथित रूप से जहर देकर मार डाला और उसके बाद खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान सुनील (37), रोहित (8) और मोहित (5) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फ्लैट से सुसाइड नोट बरामद
फ्लैट से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सुनील ने अपनी पत्नी मधु को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनील ने पहले दोनों बच्चों को जहर दिया और फिर कमरे में फांसी लगा ली।

घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस सुसाइड नोट की जांच के साथ-साथ अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।

सेक्टर-6 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।