फरीदाबाद में फाइनेंस कमेटी के बिना ही पास हुआ ₹2236 करोड़ का बजट, निगम के पास सफाई पर खर्च का रोडमैप नहीं
फरीदाबाद नगर निगम ने 2026-27 के लिए ₹2236 करोड़ का बजट पारित किया है। इसमें स्वच्छता पर ₹167.80 करोड़, स्ट्रीट लाइट पर ₹50 करोड़ और ड्रेनेज पर ₹23.50 ...और पढ़ें

नगर निगम बजट की बैठक में बजट को लेकर हुई चर्चा। (सौ- पीआरओ)
HighLights
₹2236 करोड़ का फरीदाबाद निगम बजट पारित।
स्वच्छता पर ₹167.80 करोड़ खर्च का प्रस्ताव।
स्वच्छता रोडमैप पर अधिकारियों के पास जवाब नहीं।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। पहली बार नगर निगम सदन की बैठक में एक बार फिर फाइनेंस कमेटी के बिना 2236 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री और मेयर की मौजूदगी में सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से बजट पर मुहर लगाई।
बजट में 167.80 करोड़ रुपये स्वच्छता पर खर्च करने की बात कही गई है। जब यह बिंदु आया तो विधायक धनेश अदलखा ने पूछा कि यह राशि कहां-कहां और किस मद पर खर्च होगी तो वित्त नियंत्रक के पास कोई जवाब नहीं था।
राशि के सदुपयोग पर रिपोर्ट बनाने को कहा
निगमायुक्त ने भी इस पर कोई राय नहीं रखी। इस पर विधायक ने कहा कि यह रिपोर्ट बनाई जाए कि राशि का सदुपयोग कैसे होगा। उन्होंने सफाई का रोड मैप तैयार करने को कहा। इस पर अधिकारियों ने हां में जवाब देकर बहस को विराम दिया।
इसके अलावा निगम 2026-27 में ड्रेनेज व्यवस्था पर कुल 23.50 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट के रखरखाव को 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- सड़कों का कायाकल्प: इन 26 गांवों की बदल जाएगी किस्मत, सरकार ने जारी किया करोड़ों का बजट!
शनिवार को निगम सभागार में हुई बजट बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, मेयर प्रवीण बतरा जोशी, निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा सहित सभी अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
इस बार बजट में निगम की ओर से पिछले साल 361 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई। पिछले साल निगम ने 1875 करोड़ का बजट पेश किया था। बजट में निगम ने बताया कि 2026-27 में स्ट्रीट लाइट को लेकर कुल 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
खबरें और भी
इसके साथ ही सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने को लेकर 23.50 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रविधान रखा गया है। निगम आयुक्त ने कहा कि सीवर और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर सबसे अधिक काम किया जाएगा।
क्योंकि शहर की अधिकतर कालोनियां पूरे साल सीवर ओवरफ्लो से परेशान रहती है। कई जगहों पर सीवर लाइन पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है।
पार्षदों के लिए निर्धारित किए गए दो करोड़ रुपये
बैठक में पार्षदों के लिए दो करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई। प्रतिवर्ष विकास कार्याें के लिए सभी पार्षदों को दो-दो करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस मद को पास करने के बाद मनोनीत पार्षद जसवंत सैनी ने कहा कि उनके लिए भी विकास कार्याें को लेकर कोई फंड होना चाहिए।
इस पर केंद्रीय मंत्री ने पार्षद की मांग को मानते हुए दो करोड़ रुपये की राशि उनके लिए निर्धारित कर दी। हालांकि इसको खर्च करने के लिए निर्वाचित पार्षद से चर्चा करनी होगी।
बैठक में वार्ड-16 के पार्षद मनोज नासवा ने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम ने पार्षदों को स्टाफ उपलब्ध करवाया गया। इसी तर्ज पर फरीदाबाद के पार्षदों को भी स्टाफ उपलब्ध करवाना चाहिए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस सुझाव पर अगली बैठक पर चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मथुरा जिला पंचायत गांवों में 45.37 करोड़ के विकास कार्य कराएगी, बजट पारित
नगर निगम बजट विवरण
| मद (Category) | आवंटित राशि (करोड़ में) |
|---|---|
| स्वच्छता (Sanitation) | ₹167.80 |
| टाउन प्लानिंग स्कीम | ₹173.00 |
| स्ट्रीट लाइट व्यवस्था | ₹50.00 |
| सीवरेज और ड्रेनेज सुधार | ₹23.50 |
| मरम्मत कार्य | ₹23.00 |
| खेल सुविधाएँ | ₹22.50 |
| सड़क और पुल निर्माण | ₹18.00 |
| ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैट | ₹05.00 |
| जल शुद्धिकरण | ₹05.00 |
| स्ट्राम वाटर (Storm Water) | ₹01.00 |
केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में निगम सदन में 2236 करोड़ का बजट पास कर हो गया है। औद्योगिक में सीवरेज के साथ पेयजल व्यवस्था सुधारने को लेकर काम किया जाएगा। इसके साथ ही निगम टैक्स रिकवरी के साथ अन्य साधनों से साथ आय बढ़ाने का प्रयास करेगा।
प्रवीण बतरा जोशी, मेयर
निगम की ओर से बैठक वाले दिन ही बजट की कापी उपलब्ध करवाई गई। जबकि नियम के हिसाब से 24 घंटे पहले बजट की कापी उपलब्ध करवानी चाहिए। जिससे बजट को लेकर ठीक से विचार विर्मश हो सके। हालांकि निगम आयुक्त की ओर से गलती मानते हुए अगली बैठक में एक दिन पहले बैठक का एजेंडा उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है।
अजय बैसला, पार्षद, वार्ड-29