Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद में किराये के कमरे में बुलाकर पेंटर प्रेमी की गला रेतकर हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 07:03 AM (IST)

    डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने फरीदाबाद के अनंगपुर में पेंटर सदाकत की गला रेतकर हत्या का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया, जिसने ...और पढ़ें

    आरोपित अनीता पुलिस गिरफ्त में। सौ- पुलिस प्रवक्ता

    आरोपित अनीता पुलिस गिरफ्त में। सौ- पुलिस प्रवक्ता

    HighLights

    1. फरीदाबाद में पेंटर सदाकत की हत्या का खुलासा।

    2. प्रेमिका ने शादी से इनकार पर गला रेता।

    3. डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने महिला को किया गिरफ्तार।

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। गांव अनंगपुर में पेंटर की गला रेतकर हत्या करने के मामले का डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे, इसके बावजूद लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपित महिला सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह लगातार बहाने बनाकर बात टाल रहा था। इसी से नाराज होकर महिला ने उसकी हत्या की साजिश रची।

    पुलिस के अनुसार मृतक सदाकत (36) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव रामपुर शाहपुर का रहने वाला था। वह कई वर्षों से फरीदाबाद में रहकर ओमेक्स सोसायटी में पेंटर का काम करता था।

    शादीशुदा थी महिला

    वहीं घरेलू काम करने वाली मध्य प्रदेश निवासी महिला से उसकी जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। महिला भी शादीशुदा थी, लेकिन उसका पति उसे छोड़ चुका था।

    जांच में सामने आया कि महिला लगातार सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ। जब सदाकत ने शादी के लिए हामी नहीं भरी तो महिला ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

    वारदात से करीब 15 दिन पहले उसने गांव अनंगपुर में किराये पर कमरा लिया और 25 जुलाई को सदाकत को वहां मिलने के लिए बुलाया। पुलिस के मुताबिक कमरे पर पहुंचने के बाद महिला ने सदाकत को शराब पिलाई।

    जब वह अधिक नशे में हो गया तो आरोपित ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद उसने कमरे को बाहर से बंद किया और मौके से फरार हो गई।

    अन्य व्यक्ति के शामिल होने की जांच तेज

    घटना की जांच के दौरान डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित महिला को 31 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

    पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त चाकू, वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद करने के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- कासगंज: छात्रा के आत्महत्या मामले में कस्तूरबा गांधी स्कूल की प्रधानाचार्य, वार्डन और चपरासी पर FIR, जांच शुरू

    यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी ने की आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप