फरीदाबाद में स्कूल के पास ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी; 300 से ज्यादा घरों की बिजली गुल
फरीदाबाद के मुजेसर गांव में एक सरकारी स्कूल के पास ट्रांसफार्मर में आग लगने से हड़कंप मच गया और छात्रों को सुरक्षित निकाला गया। इस घटना से 300 से अधिक ...और पढ़ें
HighLights
मुजेसर के सरकारी स्कूल के पास ट्रांसफार्मर में आग लगी।
आग से 300 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित।
छात्रों को सुरक्षित निकाला गया, शिकायतें पहले भी की थीं।
निभा रजक, फरीदाबाद। स्पार्किंग के कारण गांव मुजेसर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला से सटे हुए ट्रांसफार्मर में दोपहर दो बजे आग लग गई। इसके बाद आस-पास के हिस्सों और स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। विद्यार्थियों को आनन-फानन में स्कूल से बाहर निकाला गया। क्योंकि दीवार से ट्रांसफार्मर सटे हुए हैं और बिजली की तार स्कूल के भवन के ऊपर से गुजर रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी।
दोनों ट्रांसफार्मर चपेट में आ गए
स्थानीय निवासी भगत पर्सवाल, रिंकू, संदीप, ममता, कुलदीप, संगीता और सोनू सहित अन्य ने बताया कि ट्रांसफार्मर से अकसर चिंगारी निकलती है। इस संबंध में कई बार बिजली निमग के अधिकारियों को शिकायत की गई है, लेकिन उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकल रही थी। अचानक आग भड़क गई और दोनों ट्रांसफार्मर चपेट में आ गए।
30 मिनट की मशक्कत से पाया काबू
आग लगने की सूचना के बाद आस-पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेहड़ी पटरी वाले दुकानें हटाने लगे और स्कूल के अंदर अध्यापकों को सूचित किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर 30 मिनट पहले ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई। सूचना के बाद मौके पर बिजली विभाग की टीम और फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची। आग काफी भड़क चुकी थी। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
300 से ज्यादा घरों में प्रभावित है बिजली
ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण गांव मुजेसर के गढ़ी, जाखड़, लांबा और कोली मोहल्ला सहित आस-पास के 300 से अधिक घरों में बिजली की सप्लाई प्रभावित है। उमसभरी गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो रहा है। फिलहाल, बिजली निगम की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है।
खबरें और भी
एरिया के कनिष्ठ अभियंता राम महर सिंह ने बताया कि आग लगने के कारण काफी नुकसान हुआ है। नया ट्रांसफार्मर लगाना पड़ेगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों को लिख दिया गया है। कल दोपहर तक ट्रांसफार्मर आएगा। फिलहाल, दूसरे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़कर सप्लाई शुरू कराई जाएगी।