Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम के प्रॉपर्टी मार्केट में आएगा बूम, इन इलाकों में 15 से 75 प्रतिशत तक बढ़ेंगे जमीन के दाम

    Updated: Sun, 29 Mar 2026 11:42 AM (IST)

    Property Rates in Gurugram: गुरुग्राम में 2026-27 के लिए कलेक्टर रेट में 15 से 75% की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। द्वारका एक्सप्रेसवे, बादशाहपुर और वजीराबा ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated

    सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    महावीर यादव, बादशाहपुर। Gurugram Property Rates : साइबर सिटी गुरुग्राम में रियल एस्टेट में पिछले काफी समय से तेजी का दौर चल रहा है। ऐसे में प्रशासन ने 2026-27 के लिए कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है। कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी होने से जहां राजस्व में बढ़ोतरी होगी। वहीं रियल एस्टेट के कारोबार को भी पंख लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

    द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ लगते सेक्टरों में सबसे ज्यादा रेट बढ़ने का प्रस्ताव है। बादशाहपुर उप तहसील और वजीराबाद तहसील क्षेत्र में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। आमजन से सुझाव और आपत्तियां 30 मार्च शाम 4.30 बजे तक मांगी गई हैं। 31 मार्च को सुझाव और आपत्तियों पर विचार कर पहली अप्रैल से नए कलेक्टर रेट लागू किए जाने हैं।

    किस इलाके में कितना बढ़ सकते हैं रेट?

    2026-27 के लिए प्रस्तावित कलेक्टर रेट सार्वजनिक कर दिए हैं। प्रस्तावित सूची के अनुसार बादशाहपुर और वजीराबाद तहसील के कई क्षेत्रों में कलेक्टर रेट में 15 प्रतिशत से लेकर 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। खास तौर पर तेजी से विकसित हो रहे इलाकों और पॉश कॉलोनियों में अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

    बादशाहपुर तहसील में सोहना रोड से जुड़े क्षेत्रों, सेक्टरों और लाइसेंस कॉलोनियों में बड़े स्तर पर रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। सेक्टर-58, 59, 60, 62 और 63 में विभिन्न श्रेणियों की संपत्तियों पर 25 से 75 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित की गई है। खासकर सेक्टर-60 और सेक्टर-62 में कुछ श्रेणियों में 75 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है।

    खबरें और भी

    डीएलएफ फेज-2 और फेज-3 में कितनी बढ़ोतरी?

    इसी तरह उल्लावास, कन्हैई और कादरपुर जैसे गांवों में भी रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। जहां कृषि और गैर-कृषि भूमि पर 15 से 75 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। वहीं वाटिका सिटी, विक्टोरिया वैली, उप्पल साउथएंड, यूनिवर्ल्ड रिसार्ट और एमराल्ड हिल्स जैसी हाईराइज कालोनियों में भी 25 से 60 प्रतिशत तक रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है।

    डीएलएफ फेज-1 से फेज-5 तक के क्षेत्रों में भी विभिन्न श्रेणियों में 45 से 75 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। खासकर डीएलएफ फेज-2 और फेज-3 में अधिकतम 75 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है।

    ग्वाल पहाड़ी और घाटा में 75 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव

    वजीराबाद तहसील के पॉश क्षेत्र में भी कई इलाकों में उल्लेखनीय वृद्धि प्रस्तावित है। सिकंदरपुर घोसी में 75 तक, जबकि सेक्टर-63ए और आसपास के क्षेत्रों में 15 से 45 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। चकरपुर, नाथूपुर और चंदन नगर में भी 25 से 75 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव शामिल हैं। इसी तरह नंगली उमरपुर, नूरपुर झाड़सा और पलड़ा में 60 से 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।

    वहीं ग्वाल पहाड़ी और घाटा क्षेत्र में भी 30 से 75 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है। आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित कर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये दरें अंतिम नहीं हैं।

    आमजन, प्रॉपर्टी मालिक, बिल्डर और अन्य संबंधित पक्ष इन प्रस्तावित दरों पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित तहसील कार्यालय, डीसी कार्यालय के कमरा नंबर 212 (एचआरए शाखा) या ईमेल के माध्यम से अपने सुझाव और आपत्तियां रखी जा सकती है।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम नगर निगम की बल्ले-बल्ले, रिकॉर्ड तोड़ प्रॉपर्टी टैक्स वसूली से खाते में आए 333 करोड़ रुपये 

    यह भी पढ़ें- हरियाणा में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, एक अप्रैल से बढ़ेंगे जमीन के कलेक्टर रेट; किसानों को होगा फायदा

    वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित कलेक्टर रेट सार्वजनिक कर दिए हैं। नई दरों को एक अप्रैल से लागू किया जाना प्रस्तावित है। आमजन से सुझाव और आपत्तियां 30 मार्च शाम 4.30 बजे तक मांगी गई हैं। प्राप्त सुझावों पर विचार करने के बाद ही अंतिम कलेक्टर रेट तय किए जाएंगे।


    -

    - विजय यादव, जिला राजस्व अधिकारी