Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

     गुरुग्राम में RWA की शिकायत पर जागे अफसर, CM के आदेश के 2 घंटे के भीतर खुला कम्युनिटी सेंटर का ताला

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 02:43 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर गुरुग्राम के रोजवुड सिटी का कम्युनिटी सेंटर दो घंटे के भीतर आम लोगों के लिए खोल दिया गया। यह सुविधा वर्षों से ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री के आदेश पर दो घंटे में खुला रोजवुड सिटी सेंटर।

    2. वर्षों से बंद पड़ी सामुदायिक सुविधा अब निवासियों को मिली।

    3. आरडब्ल्यूए की शिकायत पर सीएम सैनी ने दिए थे तत्काल निर्देश।

    गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश के महज दो घंटे के भीतर सेक्टर-49 स्थित रोजवुड सिटी का कम्युनिटी सेंटर आम लोगों के लिए खोल दिया गया। वर्षों से बंद पड़े इस कम्युनिटी सेंटर को लेकर आरडब्ल्यूए की शिकायत पर शनिवार को हुई समिति की बैठक में सुनवाई हुई थी।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर सामुदायिक भवन को उसके मूल उद्देश्य के लिए शुरू कराने के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के सीनियर टाउन प्लानर संजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर कम्युनिटी सेंटर का ताला खुलवाया और लोगों को अंदर प्रवेश दिलाया।

    वर्षों से लटका था मामला

    टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के वरिष्ठ नगर योजनाकार (सीनियर टाउन प्लानर) संजय कुमार द्वारा जारी नोटिस के अनुसार सेक्टर-49 एवं 50 में लगभग 115.109 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित रोजवुड सिटी कालोनी के लिए टाउन प्लानिंग विभाग ने 24 जुलाई 1995 को लाइसेंस जारी किया गया था। स्वीकृत ले-आउट प्लान में करीब 2 एकड़ भूमि पर कम्युनिटी सेंटर विकसित करने का प्रविधान रखा गया था, ताकि कॉलोनी के निवासी सामुदायिक गतिविधियों के लिए इसका उपयोग कर सकें।

    इसके बाद कम्युनिटी सेंटर के भवन का नक्शा 4 मई 2017 को वरिष्ठ नगर योजनाकार कार्यालय द्वारा स्वीकृत किया गया। भवन का आक्युपेशन सर्टिफिकेट 8 मई 2018 को जारी किया गया था। उस समय स्पष्ट शर्त रखी गई थी कि भवन का उपयोग केवल उसी उद्देश्य के लिए किया जाएगा, जिसके लिए उसे स्वीकृति दी गई है और जो स्वीकृत जोनिंग प्लान एवं नियमों के अनुरूप है। बाद में कॉलोनाइजर द्वारा इस भवन के अधिकार 12 मार्च 2025 को कन्वेयंस डीड के माध्यम से कियाज एस्टेट्स एलएलपी को हस्तांतरित कर दिए गए। इसके बावजूद कम्युनिटी सेंटर का उपयोग सार्वजनिक सामुदायिक सुविधा के रूप में नहीं किया जा रहा था।

    खबरें और भी

    इस संबंध में रोजवुड सिटी सी-ब्लाक आरडब्ल्यूए की ओर से अध्यक्ष अशोक कुमार ने जिला लोक शिकायत एवं कष्ट निवारण समिति में शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान आरडब्ल्यूए ने समिति को बताया कि आक्युपेशन सर्टिफिकेट जारी होने के बावजूद कम्युनिटी सेंटर का उपयोग उस उद्देश्य के लिए नहीं हो रहा है, जिसके लिए इसे बनाया गया था।

    इस पर समिति के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर भवन को आम लोगों के उपयोग के लिए शुरू कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश मिलते ही वरिष्ठ नगर योजनाकार संजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महज दो घंटे के भीतर कम्युनिटी सेंटर का ताला खुलवाकर भवन को आम लोगों के लिए खोल दिया। इस दौरान एटीपी एन्फ़ोर्समेंट दिव्या दहिया और एटीपी राहुल डाबरा भी मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से श्रमिक की मौत, क्रेन से मलबा उतारते समय हुआ हादसा

    यह भी पढ़ें- पत्नी के शोरूम की कटी बिजली तो शख्स बन गया फर्जी SP, गुरुग्राम पुलिस ने किया गिरफ्तार

    कम्युनिटी सेंटर एक सार्वजनिक सामुदायिक सुविधा है और इसका उपयोग व्यापक जनहित में किया जाना अनिवार्य है। जिला लोक शिकायत एवं कष्ट निवारण समिति के निर्देशों के अनुपालन में भवन को तत्काल प्रभाव से खुलवाया गया और उपयोग में लाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे रोजवुड सिटी के हजारों निवासियों को अब वह सामुदायिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिसका प्रविधान कालोनी के विकास के समय से ही किया गया था।


    -

    संजय कुमार, एसटीपी, टाउन प्लानिंग