गुरुग्राम में निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से श्रमिक की मौत, क्रेन से मलबा उतारते समय हुआ हादसा
गुरुग्राम के बादशाहपुर में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय करंट लगने से 21 वर्षीय श्रमिक नंदराम की मौत हो गई। क्रेन से मलबा उतारते समय बिजली का तार ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
गुरुग्राम के बादशाहपुर में निर्माणाधीन मकान में श्रमिक की मौत।
क्रेन से मलबा हटाते समय बिजली तार कटने से करंट लगा।
पुलिस निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बादशाहपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान करंट लगने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। क्रेन से दूसरी मंजिल से ट्राली से मलबा उतारने के दौरान बिजली का तार कट गया और उससे करंट उतर आया। पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के ठगारी गांव निवासी नंदराम के रूप में हुई है। वह एक महीने पहले ही गुरुग्राम आया था। यहां सेक्टर-67 में झुग्गी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार नंदराम कुछ दिनों से बादशाहपुर स्थित सोनू यादव के घर में श्रमिक का काम कर रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
शनिवार दोपहर वह साथी श्रमिकों के साथ क्रेन की मदद से ट्राली से दूसरी मंजिल से मलबा नीचे उतार रहा था। बार-बार ट्राली की रगड़ लगने से घर में लगा बिजली तार कट गया और ट्राली में करंट आ गया। करंट की चपेट में आते ही नंदराम मौके पर ही गिर पड़ा।
साथियों ने तुरंत उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बादशाहपुर थाना पुलिस ने बताया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बिजली के तारों की स्थिति की जांच की जा रही है।