गुरुग्राम में 26 छात्राओं से अभद्रता पर बड़ा एक्शन, स्कूल प्रिंसिपल और POCSO कमेटी की 3 टीचर सस्पेंड
गुरुग्राम के एक सरकारी बालिका विद्यालय में छात्राओं से अभद्र व्यवहार के मामले में दो महीने बाद कार्रवाई हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रिंसिपल और प ...और पढ़ें

छात्राओं की शिकायत पर ध्यान नहीं देने पर लिया गया एक्शन। फोटो: सांकेतिक
HighLights
सरकारी बालिका विद्यालय में छात्राओं से अभद्र व्यवहार का मामला
प्रिंसिपल और पाक्सो समिति की तीन शिक्षिकाएं निलंबित
निलंबन अवधि में मुख्यालय सिरसा निर्धारित किया गया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर के एक सरकारी बालिका विद्यालय में छात्राओं से अभद्र और अनुचित व्यवहार की शिकायत के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल के प्रिंसिपल और पाक्सो समिति की तीन सदस्य शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान सभी का मुख्यालय सिरसा निर्धारित किया गया है।
26 छात्राओं ने शिक्षक पर लगाए थे आरोप
करीब दो माह पहले स्कूल की 26 छात्राओं ने एक शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि वह कक्षा में पढ़ाई के दौरान अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता है।
शिकायत मिलते ही शिक्षा विभाग ने जांच समिति गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत आरोपित शिक्षक को स्कूल से हटाकर विभागीय कार्यालय में अटैच किया गया था।
ताकि उसका छात्राओं से सीधा संपर्क न रहे। वहीं, प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जांच में स्कूल की भूमिका पर भी उठे सवाल
जांच समिति ने स्कूल पहुंचकर छात्राओं, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। दस्तावेजों, साक्ष्यों और बयानों के आधार पर तैयार रिपोर्ट में केवल आरोपित शिक्षक की भूमिका ही नहीं, बल्कि विद्यालय प्रशासन और पाक्सो समिति की कार्यप्रणाली तथा जिम्मेदारियों के निर्वहन पर भी सवाल उठाए गए।
इसी रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने प्रिंसिपल और पाक्सो समिति की तीन सदस्य शिक्षिकाओं को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार, निलंबन अवधि में सभी संबंधित कर्मचारियों का मुख्यालय सिरसा रहेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी को आदेशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- मस्जिद और चर्च के पास जमकर गरजा बुलडोजर, गुरुग्राम में वन विभाग ने अवैध निर्माण को ढहाया
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 20 दिन पहले पकड़े गए 13 बांग्लादेशी घुसपैठियों को किया डिपोर्ट, पुलिस ने चलाया था विशेष अभियान