गुरुग्राम में पीजी कोर्सेज में एडमिशन के लिए छात्रों को राहत, उच्चतर शिक्षा विभाग ने बढ़ाई अंतिम तिथि
गुरुग्राम के सरकारी कॉलेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तिथि 26 जुलाई से बढ़ाकर 7 अगस्त कर दी गई है, जिससे छात्रों को आवेदन के लिए ...और पढ़ें

गुरुग्राम में पीजी दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ी। फोटो: सांकेतिक
HighLights
पीजी दाखिले की अंतिम तिथि 7 अगस्त तक बढ़ी
सरकारी कॉलेजों में कई नए पीजी पाठ्यक्रम शुरू हुए
पहली मेरिट सूची 11 अगस्त को होगी जारी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जिले के सरकारी कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने छात्रों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई से बढ़ाकर अब सात अगस्त कर दी है।
इससे आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है। विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार पहली मेरिट सूची 11 अगस्त को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस बार जिले के सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों को पहले की तुलना में अधिक विषयों का विकल्प मिलेगा। कई कॉलेजों में नए पीजी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में एमएससी फिजिक्स, सेक्टर-9 स्थित राजकीय महाविद्यालय में एमएससी केमिस्ट्री और सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में एमएससी बाॅटनी की शुरुआत की गई है।
इन सभी नए पाठ्यक्रमों में 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा सेक्टर-9 स्थित राजकीय महाविद्यालय में एमकाॅम की 10 अतिरिक्त सीटें भी बढ़ाई गई हैं।
कॉलेजों में आवेदन के साथ ही ऑनलाइन दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य भी शुरू हो गया है। प्रत्येक पाठ्यक्रम के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं, जो विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
यदि किसी आवेदन या दस्तावेज में त्रुटि मिलती है तो संबंधित छात्र को ऑनलाइन संदेश भेजकर उसे समय रहते सुधार का अवसर दिया जा रहा है।
मेरिट के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर फीस जमा करनी होगी। समय पर फीस जमा नहीं करने पर संबंधित सीट अगले चरण की काउंसिलिंग के लिए रिक्त मानी जाएगी।