'ठाकुरवाड़ा-गुर्जर घाटी के मकानों पर नहीं चलेगा बुलडोजर, सीएम से करेंगे बात'; गुरुग्राम में बोले विधायक तेजपाल तंवर
विधायक तेजपाल तंवर ने ठाकुरवाड़ा और गुर्जर घाटी के निवासियों का समर्थन करते हुए कहा कि उनके घर नहीं तोड़े जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर स्थायी ...और पढ़ें

विधायक तेजपाल तंवर
HighLights
विधायक तंवर ने ठाकुरवाड़ा-गुर्जर घाटी के निवासियों का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री से मिलकर स्थायी समाधान की मांग करेंगे विधायक।
अस्पताल रोड से अव्यवस्थित रेहड़ियां हटाने के निर्देश दिए।
संवाद सहयोगी, (सोहना) गुरुग्राम। वन विभाग की ओर से ठाकुरवाड़ा और गुर्जर घाटी क्षेत्र में जारी नोटिसों के बीच सोहना के विधायक तेजपाल तंवर लोगों के समर्थन में खुलकर सामने आए। रविवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित विशेष बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कई पीढ़ियों से बसे लोगों का आशियाना किसी भी कीमत पर नहीं उजड़ने दिया जाएगा। इस मामले को लेकर वह जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेंगे और स्थायी समाधान की मांग रखेंगे।
विधायक ने कहा कि ठाकुरवाड़ा और गुर्जर घाटी में रहने वाले अनेक परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और उनके पास पुराने मालिकाना दस्तावेज भी हैं। ऐसे में वन विभाग की कार्रवाई से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में संवेदनशीलता बरतें और किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के घर पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि वन विभाग ने सोहना पहाड़ी की तलहटी स्थित ठाकुरवाड़ा और गुर्जर घाटी के 200 से अधिक मकानों के साथ कुछ धार्मिक स्थलों को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। विभाग इस भूमि को संरक्षित वन भूमि बता रहा है। वहीं इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। विधायक ने अस्पताल रोड सहित प्रमुख मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से लगने वाली रेहड़ियों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थानों पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नगर परिषद के अधिकारी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।