महेंद्रगढ़ में बाजरे की बिजाई से पहले दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से दादा और पोते की मौत
महेंद्रगढ़ में बाजरे की बिजाई की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से दादा और उनके 15 वर्षीय पोते की मौत हो गई। इस घटना स ...और पढ़ें

ट्रैक्टर पलटने से दादा और पोते की मौत। जागरण
HighLights
ट्रैक्टर पलटने से दादा और पोते की मौत।
बाजरे की बिजाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।
महेंद्रगढ़ के मोहनपुर बाईपास के पास घटना।
जागरण संवाददाता, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले साढ़े छह बजे बाजरे की बिजाई की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दादा और उनके पोते की जान चली गई। मोहनपुर बाईपास के पास खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अचानक पलट गया।
हादसे में दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जबकि ट्रैक्टर पर सवार दूसरा पोता मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान नांगल चौधरी के वार्ड नंबर-10 निवासी 62 वर्षीय हनुमान शर्मा (टनी) पुत्र बंशी शर्मा तथा उनके करीब 15 वर्षीय पोते के रूप में हुई है।
हादसे में घायल दूसरे पोते का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हनुमान शर्मा अपने दोनों पोतों के साथ खेत में बाजरे की बिजाई से पहले ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि दादा और एक पोता ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक्टर को सीधा कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घायलों को निकालाने के दौरान सुरेंद्र नाम के एक पुलिसकर्मी को भी चोट आई है।
घायल पोते को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिस खेत में जुताई की जा रही थी, उसके साथ लगते खेत से ईंट भट्ठे के लिए करीब चार से पांच फीट गहराई तक मिट्टी निकाली गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर का संतुलन इसी गहरे कटाव की ओर बिगड़ गया, जिससे वह पलट गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से नांगल चौधरी क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।