एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग, सड़क हादसे में सगे भाइयों की मौत से नारनौल गमगीन
नारनौल के प्रतिष्ठित क्रेशर व्यवसायी मनीष और मनोज जैन की रोहतक में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। अंबाला से लौटते समय उनकी कार ट्रक से टकरा गई, जिससे ...और पढ़ें

मनीष कुमार जैन और मनोज जैन की फाइल फोटो।
HighLights
नारनौल के दो क्रेशर व्यवसायी भाइयों की मौत।
रोहतक में NH-152D पर भीषण सड़क हादसा।
अंबाला से लौटते समय कार ट्रक से टकराई।
जागरण संवाददाता, नारनौल। कारोबार के सिलसिले में निकले शहर के दो सगे भाई कभी घर नहीं लौटे। गुरुवार तड़के रोहतक जिले में एनएच-152डी पर हुए भीषण सड़क हादसे में नारनौल के मोहल्ला फ्रांसखाना निवासी और प्रतिष्ठित क्रेशर व्यवसायी मनीष कुमार जैन (50) तथा मनोज जैन (45) की मौत हो गई।
दोनों भाइयों के साथ कार चला रहे चालक की भी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन शव लेने के लिए रोहतक रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों भाई राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र में क्रेशर का संचालन करते थे। वे बुधवार को कारोबार के सिलसिले में अंबाला गए थे। गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रोहतक जिले के खैड़की मोड़ के पास उनकी टाटा पंच कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मनीष जैन अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी, जबकि मनोज जैन दो बेटियों को छोड़ गए हैं। चारों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है।
खबरें और भी
शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी होने के कारण उनकी मौत की खबर फैलते ही व्यापारिक वर्ग और सामाजिक संगठनों में शोक छा गया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। एक ही परिवार के दो कमाऊ सदस्यों के एक साथ चले जाने से महेंद्रगढ़ शहर स्तब्ध है।