पलवल में हनीट्रैप में खुद फंसा था ईएसआई, अब समझौते के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो फरीदाबाद की टीम ने हरियाणा पुलिस के ईएसआई होशियार सिंह को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा ...और पढ़ें

हरियाणा पुलिस के पूर्व एएसआई से हनीट्रैप मामले में समझौता कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जागरण संवाददाता, पलवल। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो फरीदाबाद की टीम ने हरियाणा पुलिस के ईएसआई होशियार सिंह को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। ईएसआई होशियार सिंह ईआरवी का प्रभारी था और थाना चांदहट में तैनात था। आरोपित पर हरियाणा पुलिस के पूर्व एएसआई से हनीट्रैप मामले में समझौता कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
पुलिसकर्मी का नाम भी जोड़ा
जानकारी के अनुसार, 2023 में पलवल के कैंप थाना में दर्ज हनी ट्रैप प्रकरण में ईएसआई होशियार सिंह खुद शिकायतकर्ता थे। बाद में सह-आरोपितों के बयानों के आधार पर हंसराज नाम के पुलिसकर्मी का नाम भी मामले में जोड़ दिया गया। वर्तमान में हंसराज अदालत से जमानत पर हैं।
आरोपित ईएसआई इसी मामले में समझौता कराने के बहाने दो लाख रिश्वत की मांग कर रहा था। हंसराज ने रिश्वत मांगने की शिकायत फरीदाबाद विजिलेंस को दी। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप लगाया।
कार्रवाई के दौरान ईएसआई होशियार सिंह को दो लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह था हनीट्रैप का पूरा मामला
ईएसआई होशियार सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि नवंबर 2022 में वह डायल 112 की गाड़ी पर तैनात था। उसी दौरान रात को चंडीगढ़ मुख्यालय से एक फोन आया कि अलीगढ़ रोड़ पर नगीना उर्फ नगमा नामक महिला की गाड़ी खराब हो गई है। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गया। मौके पर उन्हें दो महिलाएं नगीना उर्फ नगमा व प्रीति मिली। उनकी गाड़ी की सीएनजी खत्म हो गई थी। उन्होंने गाड़ी को पेट्रोल पंप पर ले जाकर सीएनजी भरवा दी, मगर महिलाओं के पास पैसे नहीं थे।
खबरें और भी
अलग-अलग बार में 10 हजार रुपये दे दिए
इस पर उसने पंप वालों से कहा कि जब ये पैसे दे जाएं तो गाड़ी को ले जाएंगी और उनकी गाड़ी पेट्रोल पंप पर खड़ी करा दी। दो दिन बाद उसके पास नगीना का फोन आया। नगीना ने उसके साथ अश्लील बातचीत की और बातचीत को रिकाॅर्ड कर लिया।
रिकाॅर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर नगीना पैसों की मांग करने लगी। इसके बाद उसने बदनामी के डर से नगीना को अलग-अलग बार में 10 हजार रुपये दे दिए। 12 मई 2023 को रिकाॅर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर नगीना और प्रीति उससे उसकी गाड़ी और चार हजार रुपए ले गई।
नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिला दी
इसके बाद नगीना व प्रीति गाड़ी लेकर अमरपुर आई और उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा। वह उन्हें छोड़ने के लिए चल दिया तो दोनों महिला गाड़ी में रखी हुई शराब पीने लगी और उसे भी जबरदस्ती नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिला दी। उसको चक्कर आने लगे तो दोनों महिला उसे पलवल कैंप-काॅलोनी स्थित एक मकान में ले गई। जहां उसे अमित, इंद्रा और एक व्यक्ति मिला।
हंसराज का नाम भी जोड़ा गया
इसके बाद आरोपितों ने नशे की हालत में इंद्रा के साथ उसकी अश्लील वीडियो बना ली। बीती 16 मई को धमकी देकर नगीना और इंद्रा उससे गाड़ी ले गई। जाते-जाते नगीना व इंदिरा ने उसे धमकी देते हुए कहा कि 20 लाख रुपये नहीं दिए तो उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसा देंगे। इस मामले में 2023 में शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था और बाद में इस मामले में हंसराज का नाम भी जोड़ा गया था।