पलवल शहर में दिन में भारी वाहनों की No Entry, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
पलवल शहर में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात विभाग ने दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। ...और पढ़ें

HighLights
पलवल में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी पाबंदी।
हथीन और अलीगढ़ रोड पर पुलिस नाके स्थापित।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल शहर बीते कई वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहा है। तमाम प्रयासों के बाद भी जाम की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। शहर के मुख्य चौराहों पर जाम की समस्या सबसे अधिक रहती है। अब जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यायतायत विभाग ने दिन में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक हथीन रोड और अलीगढ़ रोड से आने वाले वाहनों पर यह पाबंदी लागू रहगी।
बता दें कि पलवल 2008 में जिला बना था, लेकिन 17 वर्ष बाद भी जिला मूलभूत सुविधाओं को जूझ रहा है। जिले की आबादी तेजी से बढ़ रही है, जो कि अभी 15 लाख के करीब है। अकेले पलवल शहर की आबादी ढाई लाख से अधिक है। आगरा-वृंदावन जाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के लोग पलवल से होकर गुजरते हैं।
पलवल शहर जिले का सबसे बड़ा शॉपिंग बाजार में माना जाता है। जिले के 250 से अधिक गांवों के लोगों के अलावा मेवात के भी 150 गांवों के लोगों यहां खरीददारी करने के लिए आते हैं। आसपास सैकड़ों छोटे-बड़े उद्योग भी स्थापित हैं। अलीगढ़, नूंह, मथुरा, दिल्ली-एनसीआर के लोग यहां मौजूद राष्ट्रीय राजमार्ग 19, केएमपी-केजीपी एक्सप्रेस का सफर करने के लिए शहर से होकर गुजरते हैं।
जाम से मिलेगी राहत
शहर से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन आवागमन करते हैं। इससे जाम की समस्या गहरा जाती है। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए करीब तीन साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ढाई किलोमीटर लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण भी हुआ था। लेकिन इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
खबरें और भी
अब यातायात विभाग ने हथीन रोड और अलीगढ़ रोड से आने वाले भारी वाहनों पर दिन के समय सुबह सात बजे से लेकर रात आठ बजे तक रोक लगा दी है। भारी वाहन शहर में प्रवेश न कर पाएं, इसके लिए दोनों ही मार्गों पर पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं।
हथीन की तरफ से आने वाले वाहनों को सेक्टर 12 के समीप रोका जा रहा है। वहीं अलीगढ़ रोड से आने वाले वाहनों को केजीपी स्थित पेलक इंटरचेंज से भेजा जा रहा है। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों पर रोक लगाने से पहले आसपास के ट्रांसपोर्टरों से भी इस योजना को लेकर अपील की थी।
इन चौराहों पर लगता है सबसे अधिक जाम
शहर के बस अड्डा,महर्षि दयानंद आगरा चौक, सोहना रोड, किठवाड़ी चौक, कमेटी चौक, मीनार गेट जैसी जगहों पर अधिक जाम लगता है। बस अड्डा चौक पर जाम लगने का नतीजा यह होता है कि पूरा राजमार्ग जाम का शिकार हो जाता है। जाम के कारण कई बार बस अड्डा से महर्षि दयानंद चौक तक पहुंचने में कई बार तो आधा घंटा लग जाता है।
दो दशक बाद भी मास्टर प्लान से बाहर नहीं निकल पाया बाईपास
पलवल शहर में वाहनों के अत्यधिक दबाव और दिन-रात लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए दो दशक पहले एक बाईपास बनाने की योजना तैयार की गई थी। इस बाईपास के लिए जमीन भी अधिसूचित की जा चुकी थी। यह योजना हर मास्टर प्लान में तो शामिल की जाती है, लेकिन 20 साल बीत जाने के बाद भी घरातल पर एक ईंट तक नहीं रखी जा सकी है।
पहले भी बनाई गई थी योजना
शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए दिसंबर माह में भी हथीन रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई थी। इससे जाम की समस्या में कुछ हद तक राहत मिली थी। लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई थी और भारी वाहनों की एंट्री खोल दी गई थी।
यातायात थाना प्रभारी रविकांत शर्मा के अनुसार सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। हथीन और अलीगढ़ की तरफ से आने वाले भारी वाहनों पर यह रोक लागू रहेगी। इसके लिए नाके लगाकर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।