रेवाड़ी में सड़क किनारे खाट लगाकर सोते मिले पुलिसकर्मी, टोकने पर अधिकारी से गाली-गलौज का VIDEO वायरल
रेवाड़ी के बावल थाना क्षेत्र में खंडोडा नाका पर ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के बीच सोने को लेकर विवाद हो गया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने ...और पढ़ें
HighLights
रेवाड़ी में ड्यूटी पर पुलिसकर्मियों के बीच सोने को लेकर विवाद।
आपस में गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
एसपी ने पीसीआर इंचार्ज को निलंबित कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। जिले के बावल थाना क्षेत्र के तहत खंडोडा नाका पर ड्यूटी के दौरान सोने को लेकर पुलिस कर्मियों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीच-बचाव कर मामला शांत कराया
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात के समय पीसीआर टीम खंडोडा नाका पर पहुंची, जहां दो कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले। इस पर पीसीआर कर्मचारियों ने उनसे सोने का कारण पूछा, जिससे बात बिगड़ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
हालांकि, इस दौरान हुई बहस का वीडियो किसी ने रिकाॅर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए पीसीआर इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह घटना पुलिस विभाग में अनुशासन और ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।