सोनीपत के गन्नौर बस अड्डे का बदलेगा पूरा लुक, 14.33 करोड़ से AC वेटिंग हॉल समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
गन्नौर बस अड्डे के नए भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, परिवहन विभाग ने डिजाइन को मंजूरी देकर लोक निर्माण विभाग को 14.33 करोड़ रुपये जारी किए हैं। ...और पढ़ें

सोनीपत बस अड्डे का स्वरूप बदलने की तेजी से तैयारी हो रही है। जागरण
HighLights
नए बस अड्डे के लिए 14.33 करोड़ रुपये मंजूर।
वातानुकूलित प्रतीक्षालय और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, गन्नौर (सोनीपत)। लंबे समय से बंद पड़े गन्नौर रोडवेज बस अड्डे के नए भवन निर्माण का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। परिवहन विभाग की तरफ से नए बस अड्डे के भवन डिजाइन और नक्शे को मंजूरी मिल चुकी है। परिवहन विभाग ने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य के लिए 14.33 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। अब केवल कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
यात्रियों को हो रही हर असुविधा करेंगे दूर
विधायक देवेंद्र कादियान ने शहर में लंबे समय से बंद पड़े बस अड्डे को नया स्वरूप देने के लिए परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग से प्रस्ताव पास करवाया था। पुरानी जर्जर इमारत पहले ही ध्वस्त की जा चुकी है। बस अड्डा बंद होने के कारण वर्षों से यात्रियों को जीटी रोड किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों के लिए न तो बैठने की व्यवस्था है और न ही शेड की सुविधा।
विश्राम कक्ष तथा प्रशासनिक कार्यालय बनेगा
भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और बरसात में महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार यात्रियों को सड़क किनारे लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। नई योजना के तहत बस अड्डे में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए अलग वेटिंग हाल, रेस्टोरेंट, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष तथा प्रशासनिक कार्यालय बनाए जाएंगे।
"भवन का नक्शा और डिजाइन पास हो चुका है तथा आवश्यक स्वीकृतियां मिल गई हैं। शेष औपचारिकताएं पूरी होते ही करीब एक से डेढ़ महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।"
-अनिल चहल, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग।
यह भी पढ़ें- ज्वैलर्स की आंख में मिर्च झोंककर लूटने वाले चारों बदमाश गिरफ्तार, सोनीपत पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचा
यह भी पढ़ें- सोनीपत में कोर्ट, डीसी कार्यालय और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; ई-मेल में लिखे अलगाववादी नारे