Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NHAI का बड़ा तोहफा! UER-2 और ग्रीनफील्ड हाईवे जुड़े, चंडीगढ़ व जींद की तरफ से दिल्ली पहुंचने में बचेगा एक घंटा

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:43 PM (IST)

    सोनीपत में ग्रीनफील्ड हाईवे और यूईआर-2 को जोड़ने वाला फ्लाईओवर यातायात के लिए खुल गया है। इससे चंडीगढ़ और जींद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों का सफर सु ...और पढ़ें

    ग्रीनफिल्ड हाईवे से कनेक्ट किया गया यूईआर-2 हाईवे। जागरण

    ग्रीनफिल्ड हाईवे से कनेक्ट किया गया यूईआर-2 हाईवे। जागरण

    HighLights

    1. ग्रीनफील्ड हाईवे और यूईआर-2 फ्लाईओवर चालू

    2. चंडीगढ़-दिल्ली यात्रा में अब एक घंटे की बचत होगी

    3. सोनीपत से जींद का सफर सवा घंटे में हो सकेगा पूरा

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। ग्रीनफील्ड हाईवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) को बड़वासनी के पास जोड़ने वाले नवनिर्मित फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया गया है। जींद की तरफ जाने वाले मार्ग को पहले ही खोल दिया गया था।

    बड़वासनी के पास मिली कनेक्टिविटी से यूईआर-2 हाईवे अब एनएच-44 और ग्रीन फिल्ड हाईवे से सीधा जुड़ गया है। ऐसे में चंडीगढ़ की तरफ से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों का सफर न सिर्फ सुगम हो गया है, बल्कि उनके समय और ईंधन की भी भारी बचत होगी।

    यात्रा के समय में एक घंटे की कटौती

    ग्रीनफील्ड हाईवे से यूईआर-2 की सीधी कनेक्टिविटी होने से चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले लोगों का अब करीब एक घंटे का समय बचेगा। अब तक गोहाना की तरफ से आने वाले और यूईआर पर चढ़ने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

    उन्हें नीचे बने रास्ते से लंबा चक्कर काटकर जाना होता था। इसी तरह ग्रीनफील्ड हाईवे पर सोनीपत की तरफ से आने वाले वाहनों को भी नीचे से होकर गुजरना पड़ रहा था, जिससे अक्सर बड़वासनी के पास जाम की स्थिति बन जाती थी।

    दिल्ली जाने का सबसे छोटा रास्ता बना

    अब इस मार्ग के चालू होने से वाहन चालक सीधे अपनी मंजिल की ओर रवाना हो सकेंगे। बड़वासनी के पास मिली इस सीधी कनेक्टिविटी ने एनएच-44, ग्रीनफील्ड हाईवे व यूईआर-2 को आपस में पूरी तरह जोड़ दिया है। ऐसे में यह मार्ग अब चंडीगढ़ व जींद की तरफ से आने वालों के लिए दिल्ली जाने का सबसे छोटा रास्ता बन गया है।

    खबरें और भी

    सवा घंटे में पूरा होगा सोनीपत से जींद का सफर

    ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग 352ए की कुल लंबाई लगभग 80 किलोमीटर है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने दो अलग-अलग चरणों में करीब 1380 करोड़ रुपये की खर्च किए हैं।

    बुनियादी ढांचे के इस सुधार से सोनीपत और जींद के बीच की दूरी, जो करीब 79 किलोमीटर है, बेहद कम समय में तय होगी।

    पहले जहां सोनीपत से जींद पहुंचने में वाहन चालकों को करीब दो घंटे या उससे अधिक का समय लगता था, वहीं अब इस आधुनिक ग्रीनफील्ड हाईवे और नए फ्लाईओवर की बदौलत यह सफर मात्र सवा घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

    "यूईआर-2 और ग्रीनफील्ड हाईवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा कर इसे यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है। बड़वासनी के पास इस ट्रिपल कनेक्टिविटी से चंडीगढ़, दिल्ली व जींद की तरफ आवागमन करने वाले ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।"

    -भूवनेश कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई।

    यह भी पढ़ें- सोनीपत में बिजली और पानी संकट से त्रस्त लोगों ने रोहतक रोड किया ठप, मुसाफिरों के छूटे पसीने

    यह भी पढ़ें- सोनीपत में बिजली कटौती से भड़के लोग, प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने जड़ा थप्पड़