Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत में ट्रैफिक सुधार की खुली पोल, चिह्नित 6 हॉटस्पॉट्स पर रेंग रहीं गाड़ियां; निगम नहीं दे पाया रिपोर्ट

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 02:16 PM (IST)

    सोनीपत में छह प्रमुख ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं, लेकिन अधिकारियों की सुस्ती के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अतिक्रमण और अवैध पार्किंग ...और पढ़ें

    शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के दावे हवा हवाई। फोटो: जागरण

    शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के दावे हवा हवाई। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. सोनीपत में छह प्रमुख ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए

    2. अधिकारियों की सुस्ती से जाम की समस्या बरकरार है

    3. अतिक्रमण और अवैध पार्किंग जाम के मुख्य कारण हैं

    विष्णु कुमार, सोनीपत। शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के प्रशासनिक दावे केवल फाइलों व बंद कमरों में होने वाली बैठकों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं।

    जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठक में जिन छह प्रमुख व संवेदनशील ट्रैफिक हॉटस्पॉट्स को चिह्नित कर वहां से जाम के कारणों को तुरंत दूर करने के सख्त निर्देश दिए गए थे, जमीनी हकीकत में उन पर अब तक एक इंच भी काम नहीं हुआ है।

    दैनिक जागरण टीम ने जब शहर के इन चिह्नित सड़कों का दौरा किया, तो स्थिति बेहद चिंताजनक मिली। अधिकारियों की सुस्ती का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि बार-बार मिलने वाले निर्देशों के बावजूद नगर निगम इस संबंध में अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट तक पेश नहीं कर पाया।

    शहर की जनता हर दिन घंटों जाम में फंसकर प्रशासन की इस घोर लापरवाही की कीमत चुका रही है। टीम ने चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट्स पर जाकर जमीनी पड़ताल की, तो अव्यवस्थाओं का अंबार नजर आया।

    sonipat jam 2

    चिह्नित किए गए हाॅटस्पाॅट की स्थिति

    • सोनीपत बस अड्डा से गांधी चौक तक: यह मार्ग शहर की जीवनरेखा है, लेकिन बस अड्डा के ठीक बाहर अवैध रूप से खड़े होने वाले ऑटो-थ्री व्हीलर्स व सड़क किनारे सजे अतिक्रमण के कारण आधी सड़क पहले ही ब्लाक रहती है। ऐसे में मुरथल अड्डा व गांधी चौक की तरफ जाने वाले वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम जाती है।
    • मामा-भांजा चौक से गीता भवन चौक तक: इस मार्ग पर दुकानों के बाहर बेतरतीब तरीके से पार्क की गई गाड़ियां व ई-रिक्शा चालकों की मनमानी सबसे बड़ी समस्या है। पीक आवर्स (सुबह और शाम) में यहां पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
    • मुरथल अड्डा से सब्जी मंडी तक: सब्जी मंडी के आसपास रेहड़ियों व आढ़तियों के वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण पूरी सड़क संकरी हो चुकी है। सुबह के समय यहां का ट्रैफिक पूरी तरह रेंगने को मजबूर रहता है। हालात यह हैं कि सड़क कि दोनों तरफ खड़ी रेहड़ियों के कारण सड़क सिकुड़ चुकी हैं, जो जाम का मुख्य कारण बनती है।
    • बहालगढ़ चौक से खेवड़ा गांव की ओर: यह उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाला प्रमुख मार्ग है। यहां दुकानों के आगे आठ से दस फुट तक रेहड़ी वालों का ही कब्जा रहता है। सड़क किनारे ही सब्जी मंडी लगती है। खरीदारी करने के लिए आने वाले उपभोक्ता अपने वाहनों को सड़क पर ही पार्क करते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई बेहद कम रह जाती है। यहां एनएचएआई व स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय की कमी साफ दिखती है। भारी वाहनों के अव्यवस्थित दबाव के कारण यहां आए दिन लंबा जाम लगा रहता है।
    • महाराणा प्रताप चौक से मामा-भांजा चौक तक: इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव है। सिविल अस्पताल के सामने ई-रिक्शा व ऑटो का जमावड़ा लगता है। सिविल अस्पताल से विवेकानंद चौक तक बैंक्वेट हाल व अस्पताल के कारण वाहनों का जमावड़ा रहता है। विवेकानंद चौक पर दोनों तरफ अतिक्रमण के कारण व मामा-भांजा चौक के नजदीक सड़क संकरी होने के कारण वाहन जाम में फंसे रहते हैं।
    • गीता भवन चौक से दयाल चौक तक: इस मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन इस पूरे क्षेत्र को ट्रैफिक के लिहाज से एक बड़े डेंजर जोन में बदल रहे हैं। जगह-जगह लगी रेहड़ियां व दुकानों के आगे खड़ी रहने वाली गाड़ियां जाम का मुख्य कारण बनते हैं।
    sonipat jam 3

    सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में खुली पोल

    हाल ही में संपन्न हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नगर निगम व एनएचएआइ की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हुए थे। अधिकारियों ने नगर निगम से ट्रैफिक सुधार उपायों पर अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अधिकारियों के पास दिखाने के लिए कोई ठोस काम नहीं था।

    अधिकारी अब भी कार्ययोजना बनाने व सर्वे कराने की बात कह रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि जब तक इन छह हॉटस्पॉट्स पर अतिक्रमण के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होगी, पार्किंग के पुख्ता इंतजाम नहीं होंगे और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया जाएगा, तब तक जाम से मुक्ति मिलना संभव नहीं है।

    खबरें और भी

    sonipat jam

    शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जहां यातायात संचालन में बाधा है, उसके कारणों की जांच की जा रही है।

    चिह्नित किए गए हाट स्पाट पर अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    - नरेन्द्र कादियान, डीसीपी, यातायात।

    यह भी पढ़ें- अब शिकायत होगी ऑनलाइन, जवाबदेही भी तय; सोनीपत में बदलेगी गलियों-सड़कों की तस्वीर

    यह भी पढ़ें- सोनीपत के कुंडली में 200 फुट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, पांच घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया