Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब से हिमाचल में नहीं आ पाएगा नशा, अपराध पर भी कसेगी लगाम; बिलासपुर में सीमावर्ती क्षेत्र में खुलेंगी 4 पुलिस चौकी

    By Shubham Rahi Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 22 Jan 2026 04:53 PM (IST)

    बिलासपुर पुलिस ने पंजाब सीमा से बढ़ते चिट्टा नशे और अपराध रोकने के लिए बड़ी पहल की है। हिमाचल-पंजाब सीमा पर चार नई पुलिस चौकियां खोली जाएंगी, जिनके लि ...और पढ़ें

    बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने चिट्टा तस्करी रोकने के लिए नई चौकी खोलने का निर्णय लिया है।

    बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने चिट्टा तस्करी रोकने के लिए नई चौकी खोलने का निर्णय लिया है।

    HighLights

    1. पंजाब सीमा पर बिलासपुर में चार नई चौकियां।

    2. चिट्टा नशा और अपराध रोकने का मुख्य लक्ष्य।

    3. प्रत्येक चौकी में 12 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात।

    संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पंजाब सीमा से बढ़ते चिट्टा नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल की है। सीमावर्ती इलाकों से हो रही नशे की तस्करी और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से हिमाचल-पंजाब सीमा पर बिलासपुर जिला के चार प्रमुख स्थानों पर नई पुलिस चौकी खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्थान चिह्लित कर लिए गए हैं और इसका औपचारिक प्रस्ताव पुलिस निदेशालय को भेज दिया गया है।

    जानकारी के अनुसार, यह चारों पुलिस चौकियां पूरी तरह से बार्डर एरिया में स्थापित की जाएंगी, ताकि पंजाब से हिमाचल में हो रही अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके। 

    जिन स्थानों पर चौकियां खोली जानी हैं, उनमें श्रीनयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के पंजाब से सटे बेहल, मजारी और कैंची मोड़ शामिल हैं, जबकि चौथी चौकी शाहतलाई क्षेत्र के मरोतन में खोली जाएगी। 

    एसपी बिलासपुर ने किया निरीक्षण

    बिलासपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा इन सभी प्रस्तावित स्थानों का स्वयं दौरा किया गया है। निरीक्षण के दौरान सीमा की भौगोलिक स्थिति, यातायात मार्गों, संदिग्ध रास्तों और अपराध की संभावनाओं का बारीकी से आकलन किया गया। निरीक्षण के बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट पुलिस निदेशालय को भेज दी गई है, ताकि जल्द से जल्द इन चौकियों का कार्य शुरू कर दिया जाए। 

    पुलिस चौकी में रहेगा कितना स्टाफ

    जानकारी के अनुसार, प्रत्येक पुलिस चौकी में एक एएसआई सहित कुल 12 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इन चौकियों का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती मार्गों पर 24 घंटे निगरानी रखना, वाहनों की नियमित जांच करना, संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करना और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को तोड़ना होगा।

    चिट्टे पर चोट के लिए फैसला

    गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पंजाब सीमा से सटे इलाकों के जरिए चिट्टा नशा हिमाचल में प्रवेश कर रहा है। इसके अलावा कई आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद सीमावर्ती रास्तों का इस्तेमाल कर अन्य राज्यों में फरार हो जाते हैं। सीमित पुलिस उपस्थिति के चलते इन इलाकों में अपराधियों को आसानी से निकलने का मौका मिल जाता है।

    खबरें और भी

    पुलिस चौकी खुलने से रुकेगा अपराध

    पुलिस प्रशासन का मानना है कि नई चौकियों के खुलने से न केवल नशे की तस्करी पर प्रभावी रोक लगेगी, बल्कि चोरी, लूट, तस्करी और अन्य संगठित अपराधों पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।

    हिमाचल और पंजाब की सीमा में स्थित बिलासपुर जिला के चार स्थानों पर चौकी खोली जाएंगी। इसके लिए स्थानों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट पुलिस निदेशालय भेज दी गई है। जल्द यहां पर चौकियां खोल दी जाएंगी।
    -संदीप धवल, एसपी, बिलासपुर। 

    यह भी पढ़ें: Chamba Bus Accident: समोट में सड़क से खाई में लुढ़की बस, लोगों में मची चीखो पुकार; 10 यात्री घायल व दो टांडा रेफर 

    यह भी पढ़ें: कुल्लू में दिल्ली के पर्यटकों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, 5 साल की बच्ची सहित 3 की मौत व तीन अन्य घायल