मनाली विंटर कार्निवाल में शरारती तत्वों से निपटेगा एंटी गुंडा सेल, 4 सेक्टर में बांटा गया शहर; होंगी खास एक्टिविटी
मनाली विंटर कार्निवाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को चार सेक्टरों में बांटा गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर ड्रोन और सीसीटीवी से नजर रखी जाए ...और पढ़ें

मनाली माल रोड पर सुरक्षा व्यवस्था जांचते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
शहर को चार सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया गया।
ड्रोन, सीसीटीवी और एंटी गुंडा सेल से निगरानी।
प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच।
जागरण संवाददाता, मनाली। विंटर कार्निवाल मनाली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को शहर चार सेक्टर में विभाजित किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों व असामाजिक तत्वों पर ड्रोन सर्विलांस तथा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से भी कड़ी नजर रखी जाएगी। शरारती तत्वों से निपटने से एंटी गुंडा सेल भी बनाया गया है।
विंटर कार्निवाल 20 से 24 जनवरी तक होगा। इसमें विंटर क्वीन, वॉयस ऑफ कार्निवाल के अलावा महिलाओं की महानाटी होगी। इसके अलावा कार्निवाल परेड मुख्य आकर्षण रहेंगे, इसमें पूरे देश की झांकियां देखने को मिलेंगी।
इन सेक्टर में बांटे गए क्षेत्र
कानून-व्यवस्था बनाए रखने को मनु-रंगशाला (कलामंच) रामबाग को सेक्टर एक, माल रोड व इसके साथ लगता मनु मार्केट एरिया, सियाली महादेव मार्केट, मिशन हस्पताल, डायमंड चौक व बस स्टैंड मनाली को सेक्टर दो, आईबैक्स चौक से पुलिस थाना मनाली व गोंपा रोड मनाली को सेक्टर तीन तथा राम बाग चौक मनाली से सर्किट हाउस मनाली व ओल्ड मनाली को सेक्टर चार में रखा गया है।
दो रिजर्व मनाली पहुंची
सभी सेक्टर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थर्ड और फोर्थ आइआरबीएन दो रिजर्व मनाली पहुंच चुकी हैं, जिन्हें स्थानीय पुलिस के जवानों के साथ सेक्टर एक व दो में तैनात कर दिया गया है। इन सभी पुलिस जवानों को ड्यूटी के बारे में डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने विस्तार से बता।
गहनता से जांच पर मिलेगी एंट्री
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सभी जवानों को अपनी ड्यूटी सतर्कता से करने तथा अनुशासन व संयम बनाए रखने तथा सभी के साथ विनम्रता के साथ व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सेक्टर एक कलामंच में जाने वाले दर्शकों की सुरक्षा संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने पर भी भीतर प्रवेश करने दिया जाएगा। प्रवेशद्वार पर जवानों को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) के साथ तैनात किया जाएगा।
खबरें और भी
ट्रैफिक के लिए आठ बीट में बांटा क्षेत्र
केडी शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए मनाली शहर व इसके आसपास क्षेत्र को आठ बीट में विभाजित किया गया है। इसमें स्थानीय पुलिस के साथ होमगार्ड की तैनाती की जा चुकी है। इस दौरान मनाली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस कटिबद्ध है तथा इसके लिए स्थानीय जनता व सभी पर्यटकों का सहयोग अपेक्षित है।