जिला परिषद चुनाव: डिप्टी CM मुकेश के गढ़ में कांग्रेस का रहा दबदबा, 4 में से 3 सीटों पर दर्ज की जीत
हरोली विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रभाव के चलते चार में से तीन सीटें जीतीं। यह ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री। जागरण आर्काइव
HighLights
हरोली में कांग्रेस ने जीतीं चार में से तीन सीटें।
मुकेश अग्निहोत्री का विधानसभा क्षेत्र में प्रभाव बरकरार।
पूरे ऊना जिले में भाजपा के प्रदर्शन से अलग नतीजे।
नवीन महें, टाहलीवाल (ऊना)। जिला परिषद चुनाव परिणाम में भाजपा की आंधी हरोली विधानसभा में कांग्रेस के आगे नहीं चल पाई। परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रभाव आज भी बरकरार है। जहां पूरे ऊना जिले में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया, वहीं मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने चार में से तीन जिला परिषद सीटों पर जीत दर्ज की है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह परिणाम केवल कांग्रेस की जीत नहीं, बल्कि मुकेश अग्निहोत्री की व्यक्तिगत लोकप्रियता और क्षेत्र में उनकी सक्रियता का भी प्रमाण है। लंबे समय से क्षेत्र के विकास कार्यों, जनता से निरंतर संवाद और मजबूत संगठनात्मक पकड़ का लाभ कांग्रेस को इन चुनावों में मिला है।
हरोली के नतीजे भाजपा के लिए चिंता
पूरे जिले में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने पार्टी को उत्साहित किया है, लेकिन उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा भाजपा के लिए चिंता का विषय भी माना जा रहा है। जिले में सफलता के बावजूद भाजपा मुकेश अग्निहोत्री के प्रभाव क्षेत्र में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई।
आगामी समीकरण के लिए नतीजे अहम
कुल मिलाकर जिला परिषद चुनावों के परिणाम दो अलग-अलग तस्वीरें पेश करते हैं। एक ओर पूरे जिले में भाजपा का दबदबा दिखाई देता है, वहीं दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत स्थिति बरकरार है। यह परिणाम आगामी राजनीतिक समीकरणों और रणनीतियों के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। हालांकि पंचायत चुनाव में नतीजे थोड़े भिन्न रहे हैं।