BCCL CMD पर एफआइआर पर एफआइआर: साजिश या संयोग? बाबूलाल मरांडी ने पुलिस-कोयला माफिया सिंडिकेट पर किया इशारा
Dhanbad News: बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल पर दो एफआईआर दर्ज होने पर बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाए हैं।

बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी। (फाइल फोटो)
HighLights
BCCL CMD पर FIR को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पुलिस पर साधा निशाना।
पुलिस-माफिया बीसीसीएल सीएमडी को डराने की कर रहे कोशिश।
CISF के अभियान से कोयला चोरों को करोड़ों की लग रही चोट।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Coal India जबसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूरी तरह से कोयला चोरी रोकने का निर्देश दिया है और CISF एक्टिव हुई है धनबाद कोयलांचल में उबाल है। BCCL CMD मनोज कुमार अग्रवाल पर पुलिस-थाने में दो-दो FIR दर्ज हो चुकी है। इसे कोई संयोग तो कोई पुलिस-कोयला माफिया के बीच नापाक गठजोड़ की साजिश बता रहा है।
हाल ही में सीएमडी मनोज कुमामर अग्रवाल को कथित रूप से कोयला माफिया ने जान से मारने की धमकी दी। इस बीच झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर अपने पोस्ट में बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल पर एक के बाद एक दो एफआइआर दर्ज होने को लेकर सवाल उठाए हैं।
मरांडी ने लिखा है- BCCL CMD ने केंद्रीय पुलिस (CISF) की मदद से धनबाद में कोयला चोरी के गोरखधंधे पर लगाम लगाने की शुरुआत की है।
इस कार्रवाई से अवैध कारोबार के जरिए होने वाली करोड़ों रुपये की कथित काली कमाई पर चोट पहुंच रही है। कार्रवाई से परेशान तत्व अधिकारियों को डराने और उन्हें पीछे हटाने के लिए एक के बाद एक मुकदमे दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा है-पहले छाताबाद भू-धंसान मामले में सीएमडी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और अब अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी दूसरा मामला दर्ज किया गया है। मरांडी ने इन घटनाक्रमों को कोयला चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के संदर्भ में जोड़ते हुए अपनी चिंता जाहिर की है।
धनबाद पुलिस को राजनीतिक दबाव से बचने की नसीहत
बाबूलाल मरांडी ने धनबाद पुलिस के अधिकारियों को भी सीधे तौर पर सचेत किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी राजनीतिक दबाव के चक्कर में पड़कर अपने करियर को अनावश्यक जोखिम में न डालें।
यह भी पढ़ें- धनबाद: कोर्ट के आदेश पर BCCL CMD के खिलाफ FIR दर्ज, नौकरी मांगने गए युवक से दुर्व्यवहार का मामला
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम करने से बचें और अपने निर्णय कानून एवं पद की जिम्मेदारी के अनुरूप लें।
यह भी पढ़ें- ‘27 तक कर देना है साफ’... BCCL CMD को धमकी की पूरी कहानी आई सामने, सरायढेला थाने में FIR
मरांडी ने अपने संदेश में अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन अधिकारियों के फैसलों और उनकी भूमिका का रिकॉर्ड हमेशा बना रहता है। इसलिए उन्होंने अधिकारियों से कानून और पद की मर्यादा से समझौता नहीं करने की अपील की।
BCCL CMD ने केंद्रीय पुलिस की मदद से धनबाद में कोयला चोरी के गोरखधंधे पर लगाम लगानी शुरू की, जिससे अवैध कारोबार से होने वाली करोड़ों रुपये की काली कमाई पर चोट पड़ रही है। यही वजह है कि उन्हें डराने और कार्रवाई से पीछे हटाने के लिए एक के बाद एक मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। CMD मनोज…
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 22, 2026
