साथियों के साथ धनबाद जेल में रहेगा एक करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा, पूछताछ में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
Maoist Misir Besra: एक करोड़ के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा समेत पांच माओवादियों को मेडिकल के बाद धनबाद कोर्ट के आदेश पर धनबाद जेल भेज दिया गया। ...और पढ़ें

धनबाद सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद मिसिर बेसरा और उसके साथियों को ले जाती पुलिस। (फोटोः शाहिद)
HighLights
एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा धनबाद जेल भेजे गए।
मनियाडीह में सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस ने किया गिरफ्तार।
गिरफ्तारी से झारखंड में माओवादी संगठन को बड़ा झटका।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भाकपा माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य व एक करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा समेत पांच माओवादियों को बुधवार देर रात न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया। इससे पहले सभी माओवादियों का धनबाद सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
धनबाद जिले के मनियाडीह क्षेत्र में मंगलवार की रात सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान के दाैरान मिसिर बेसरा और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने माओवादियों से काफी देरतक पूछताछ की।
जेल भेजने से पहले माओवादियों को धनबाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर मिसिर बेसरा और उसके साथियों को धनबाद जेल भेजा गया। इससे पूर्व सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क, ठिकानों और सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने में लगी थी।
मंगलवार देर शाम सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस की स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य व एक करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर समेत कुल पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें- सारंडा के जंगलों में सालों तलाश, आखिर घर के करीब पकड़ा गया एक करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा
गिरफ्तार माओवादियों में रीजनल कमेटी सदस्य मोछू उर्फ मेहनत, गौरव उर्फ सौरव तथा दो अन्य सहयोगी भी शामिल हैं। सभी को बुधवार की रात कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद लाकर मेडिकल जांच कराई गई। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से झारखंड में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- झारखंड में माओवाद के उदय से अस्त तक का साक्षी है मिसिर बेसरा, 55 जवानों की हत्या से लखीसराय जेल ब्रेक तक जुड़ा नाम
पूछताछ में संगठन की गतिविधियों, हथियारों की आपूर्ति, सक्रिय दस्तों और शहरी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। वहीं जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच एजेंसियां न्यायालय से रिमांड लेकर आगे की पूछताछ भी कर सकती हैं।