गढ़वा में पुश्तैनी जमीन पर धान डालने पहुंचे परिवार पर हमला, महिला समेत 6 लोग घायल
गढ़वा के सोहबरिया गांव में पुश्तैनी जमीन पर धान का बिहन डालने गए परिवार पर हमला हुआ, जिसमें महिला समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल म ...और पढ़ें

गढ़वा में पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई। एआई जेनरेटेड इमेज
HighLights
गढ़वा में पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई।
महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
संवाददाता सहयोगी, गढ़वा। मेराल थाना क्षेत्र के सोहबरिया गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राजेंद्र मिश्रा, चंद्रशेखर मिश्रा, उनकी पत्नी अनीता देवी, संध्या देवी, ब्रज किशोर मिश्रा तथा आर्यन कुमार मिश्रा शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायल राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि वे स्वजन के साथ अपनी पुश्तैनी जमीन पर धान का बिहन डालने गए थे। इसी दौरान शंभूनाथ सिंह, अवधेश सिंह, बिशुन देव सिंह, विनोद सिंह समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और उक्त जमीन पर अपना दावा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला समेत छह लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्वजन सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ितों ने मेराल थाना में आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।