हजारीबाग में जंगली हाथियों का आतंक: एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, वन विभाग की सतर्क रहने की अपील
हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के ओरपरता गांव में जंगली हाथियों के हमले में 55 वर्षीय बैद्यनाथ यादव की मौत हो गई। वे बकरी चराने गए थे और अगले दिन उनका ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
ओरपरता गांव में जंगली हाथियों के हमले से एक ग्रामीण की मौत।
मृतक बैद्यनाथ यादव परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और सूचना देने की अपील की।
संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना अंतर्गत ओरपरता गांव में जंगली हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान ओरपरता निवासी स्व. किशुन यादव के 55 वर्षीय पुत्र बैद्यनाथ यादव के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बैद्यनाथ यादव गुरुवार को बकरी चराने घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान बुखरिया माय पहाड़ की तलहटी में उनका शव पड़ा मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विचरण कर रहे जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचलकर मार डाला। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बैद्यनाथ यादव अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खबरें और भी
इधर बताया जा रहा है कि गुरुवार रात दुलमाहा गांव के औरया टोला में भी दो जंगली हाथियों ने दस्तक दी। हाथियों ने कलिंदर भुईयां के घर की खिड़की तोड़ दी और घर के बाहर रखा चावल खा लिया वहीं अन्य सामान तितर-बितर कर दिया।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने तथा हाथियों की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।