Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आदित्यपुर गोलीकांड: भाजपा नेता सिंटू गोराई और विक्की पांडेय समेत 9 फरार, तलाश में जुटी पुलिस

    By Jitendra SinghEdited By: Shashank Baranwal
    Updated: Thu, 30 Jul 2026 06:42 PM (IST)

    सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में होटल संचालक विशाल गोराई पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता सिंटू गोराई और स्क्रैप कारोबारी विक्की पांड ...और पढ़ें

    पीड़ित विशाल गोराई की फाइल फोटो

    पीड़ित विशाल गोराई की फाइल फोटो

    HighLights

    1. आदित्यपुर में होटल संचालक विशाल गोराई पर जानलेवा हमला।

    2. भाजपा नेता सिंटू गोराई समेत नौ पर हत्या प्रयास का केस।

    3. अवैध स्क्रैप और बालू कारोबार में पुरानी वर्चस्व की रंजिश।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में होटल संचालक विशाल गोराई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

    पुलिस ने पीड़ित के बयान पर भाजपा नेता एवं बजरंग दल से जुड़े सिंटू गोराई और स्क्रैप व बालू कारोबारी विक्की पांडेय समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

    पुलिस की विशेष टीम सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, हालांकि फिलहाल सभी नामजद आरोपी फरार हैं।

    रात के अंधेरे में हुआ था हमला

    मूल रूप से काशीडीह निवासी और गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया रेलवे अंडरपास (मिट्टीपुलिया) के समीप पहले से घात लगाए करीब आठ से दस अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

    इस हमले में एक गोली विशाल की कमर में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    वर्चस्व और रंगदारी की पुरानी रंजिश

    पुलिस को दिए बयान में घायल विशाल ने बताया कि स्क्रैप के अवैध कारोबार में वर्चस्व, कमीशन और रंगदारी को लेकर आरोपियों से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से कुछ दिन पहले भी उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई थी।

    पुलिस रिकार्ड के अनुसार, विशाल गोराई, विक्की पांडेय और सिंटू गोराई पहले बेहद करीबी दोस्त हुआ करते थे। लेकिन अवैध स्क्रैप व बालू के कारोबार में वर्चस्व की जंग ने इनके बीच गहरी दुश्मनी पैदा कर दी।

    इस मामले के सभी मुख्य किरदारों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। घायल विशाल गोराई हाल ही में स्क्रैप चोरी के एक मामले में जेल से छूटा था, जबकि मुख्य आरोपी विक्की पांडेय भी कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया है।

    वहीं, सिंटू गोराई का नाम भी अवैध बालू व निर्माण सामग्री के अवैध कारोबार से जुड़ता रहा है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। फारेंसिक टीम इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या गोली विशाल की अपनी ही पिस्टल से तो नहीं चली थी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- लोहरदगा में ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश नाकाम, दुकानदार की बहादुरी से भागे बदमाश

    यह भी पढ़ें- गोड्डा में खौफनाक वारदात: सनकी पति ने पहले पत्नी का रेता गला, फिर जहर खाकर खुद दे दी जान