लोहरदगा में ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश नाकाम, दुकानदार की बहादुरी से भागे बदमाश
लोहरदगा के अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने लूट का प्रयास किया, जिसे दुकानदार संजय खत्री ने अपनी बहादुरी से नाकाम क ...और पढ़ें
HighLights
खत्री ज्वेलर्स में लूट का प्रयास विफल।
दुकानदार संजय खत्री ने दिखाई बहादुरी।
हथियारबंद बदमाशों से छीना देशी कट्टा।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। शहर के सबसे व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम लूट की बड़ी वारदात उस समय टल गई, जब दुकान संचालक संजय खत्री ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद अपराधी से भिड़कर उसका देशी कट्टा छीन लिया।
दुकानदार की बहादुरी के कारण करीब 20 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन लूटने की साजिश नाकाम हो गई। इस वारदात के बाद दोनों अपराधी मोटरसाइकिल से फरार हो गए, जबकि पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। घटना शाम करीब पांच बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने की चेन दिखाने को कहा। विश्वास में लेकर दुकानदार ने करीब 15 सोने की चेन से भरा एक बॉक्स उनके सामने रख दिया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसी दौरान ग्राहक बने एक अपराधी ने बेहद शातिर तरीके से सभी चेन एक कागज में लपेटकर अपने दूसरे साथी को थमा दी। जब दुकानदार संजय खत्री ने इसका विरोध किया तो अपराधी ने तत्काल देशी कट्टा निकालकर उनके ऊपर तान दिया।
खबरें और भी

उस समय दुकान में एक-दो ग्राहक, दुकानदार संजय खत्री, उनका भतीजा और एक महिला कर्मी मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए संजय खत्री ने बिना घबराए अपराधी का मुकाबला किया।
दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई और संघर्ष के दौरान उन्होंने बदमाश के हाथ से देशी कट्टा छीन लिया। अपने साथी को फंसता देख दूसरा अपराधी भी दुकान से बाहर निकल आया और दोनों बगल की गली से खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
हालांकि, भागने की जल्दबाजी में वे लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। सूचना मिलते ही दलबल के साथ सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकानदार ने अपराधी से छीना गया देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम लगा दी गई है। घटना के बाद पूरे अपर बाजार में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग खत्री ज्वेलर्स पहुंच गए।
व्यापारियों ने भीड़भाड़ वाले बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। बात बात में यह भी सामने आया है कि वारदात में शामिल एक संदिग्ध युवक करीब एक सप्ताह पहले भी ग्राहक बनकर दुकान पर आया था।
उसने काफी देर तक आभूषण देखे, लेकिन बिना खरीदारी किए लौट गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसने उसी दिन दुकान की रेकी की थी और पूरी योजना बनाकर दोबारा वारदात को अंजाम देने आज पहुंचा।
मामले में एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सिमडेगा में तेज रफ्तार कार ने 3 को रौंदा, महिला की मौत; एक बच्ची समेत 2 घायल
यह भी पढ़ें- आदित्यपुर गोलीकांड: भाजपा नेता सिंटू गोराई और विक्की पांडेय समेत 9 फरार, तलाश में जुटी पुलिस