Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमांशु सिंह मर्डर केस: कोर्ट परिसर में वकील संग घूमता रहा 2 लाख का इनामी अपराधी बोदरा, पहचान नहीं पाई पुलिस 

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 11:50 PM (IST)

    जमशेदपुर के डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और दो लाख के इनामी अपराधी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने नाटकीय ढंग से अदालत ...और पढ़ें

    जमशेदपुर कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पुलिस अभिरक्षा में दो लाख का इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा।

    जमशेदपुर कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पुलिस अभिरक्षा में दो लाख का इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा।

    HighLights

    1. पुलिस को चकमा देने के लिए बदला था अपना हुलिया।

    2. बिष्टुपुर पुलिस अब बोदरा को रिमांड पर लेगी।

    जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बहुचर्चित डीडी बार (DD Bar) के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और दो लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को नाटकीय अंदाज में अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। 
     
    पुलिस जिसकी तलाश में झारखंड, पश्चिम बंगाल और बेंगलुरु समेत कई राज्यों में खाक छान रही थी, वह पुलिस को चकमा देकर सीधे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पहुंच गया।
     

    हुलिया बदलकर कोर्ट में मारी एंट्री, खाकी रह गई बेखबर

    इनामी अपराधी बोदरा ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था। उसने अपनी दाढ़ी और मूंछ पूरी तरह साफ (क्लीन शेव) करवा ली थी, ताकि कोई उसे पहचान न सके। 
     
    इसी बदले हुए लुक का फायदा उठाकर वह दोपहर करीब तीन बजे अपने अधिवक्ता के साथ कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ। हुलिया बदलने के कारण वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उसे भांप ही नहीं सके। 
     

    कौन है विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा?

    सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत डूडरा ग्राम का रहने वाला विश्वनाथ मंडल एक पुराना हिस्ट्रीशीटर है। इलाके में वह एक कुख्यात अवैध शराब माफिया के रूप में जाना जाता है। 
     
    हिमांशु हत्याकांड के बाद फरार बोदरा पर दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उसकी मां और अन्य रिश्तेदारों को हिरासत में लिया था। इसके अलावा गम्हरिया स्थित उसके अवैध शराब के सिंडिकेट और अड्डों को भी पुलिस ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया था।
     

    अब रिमांड पर लेगी पुलिस, खुलेंगे कई राज

    लगातार बढ़ते प्रशासनिक दबाव के बीच बोदरा ने कानून की शरण लेना बेहतर समझा। इधर, सरेंडर की भनक लगते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस एक्शन में आ गई है। 
     
    पुलिस अब इस जघन्य हत्याकांड के अनसुलझे सुरागों को खंगालने के लिए बोदरा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए अदालत में अर्जी दाखिल कर दी गई है।

    यह भी पढ़ें- हिमांशु मर्डर केस: बीजेपी नेता नीरज सिंह को सीकर से लाई पुलिस, एमजीएम थाने में हो रही कड़ाई से पूछताछ

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर DD बार मर्डर: पुलिस को चकमा देकर ₹2 लाख के इनामी विश्वनाथ मंडल ने कोर्ट में किया सरेंडर