विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएनजी पाइप फटने से कर्मचारी की मौत के बाद हरकत में प्रशासन: PESO टीम जांच में जुटी, हावड़ा ब्रिज पंप सील

Published: Mon, 31 Aug 2026 08:56 PM (IST)

जमशेदपुर के हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर सीएनजी पाइप फटने से कर्मचारी तुषार खामरी की मौत हो गई। प्रशासन ने पंप को सील कर दिया है।

हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात हुए भीषण हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात हुए भीषण हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

HighLights

  1. सीएनजी पाइप फटने से कर्मचारी तुषार खामरी की दुखद मौत हुई।

  2. हादसे के बाद जमशेदपुर का सीएनजी पंप सील कर दिया गया।

  3. PESO की टीम तकनीकी जांच में जुटी, सुरक्षा मानकों की पड़ताल।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात सीएनजी रिफ्यूलिंग के दौरान हुए भीषण हादसे ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
 
गैस के अत्यधिक दबाव के कारण अचानक सीएनजी पाइप फट गया, जिसकी चपेट में आने से 24 वर्षीय कर्मचारी तुषार खामरी की मौत हो गई।


तुषार सोनारी का रहने वाला था और महज दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है, वहीं पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सिर पर तेज गति से लगा नोजल 

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुषार हमेशा की तरह पेट्रोल पंप पर वाहनों में सीएनजी भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का दबाव अधिक हो जाने के कारण सीएनजी का पाइप धमाके के साथ फट गया। 
 
पाइप का भारी नोजल अत्यधिक तेज गति से उछला और सीधे तुषार के सिर के पिछले हिस्से में जा लगा। टक्कर इतनी भयानक थी कि तुषार छिटककर दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया।


सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सीएनजी पंप सील, जांच पूरी होने तक बिक्री पर रोक 

हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक और कंपनी के निर्देश पर हावड़ा ब्रिज स्थित सीएनजी पंप को सील कर दिया गया है। पेट्रोल पंप संचालक कमल जैन ने जानकारी दी कि सीएनजी गैस का मुख्य संचालन गेल इंडिया और बीपीसीएल (BPCL) द्वारा किया जाता है। 
 
पंप पर तीनों शिफ्टों में अलग-अलग प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात रहते हैं, जिनकी प्राथमिक जिम्मेदारी सुरक्षा मानकों की निगरानी करना होता है।


संचालक के अनुसार, कंपनी के दिशा-निर्देशों के तहत फिलहाल सीएनजी सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सीएनजी से भरा हुआ ट्रक भी परिसर में खड़ा है और सुरक्षा कारणों से आपूर्ति रोक दी गई है।

15 सदस्यीय पेसो की टीम जमशेदपुर पहुंची 

पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) ने इस हादसे को बेहद गंभीरता से लिया है। पेसो की 15 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम जमशेदपुर पहुंचकर हावड़ा ब्रिज स्थित पंप पर तकनीकी खामियों की पड़ताल कर रही है। 
 
जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस केंद्र से सीएनजी की बिक्री पूरी तरह निलंबित रहेगी। पेसो की टीम पाइप की गुणवत्ता, नोजल, गैस का प्रेशर और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
 

शहर के अन्य सीएनजी पंपों पर दिखी लापरवाही 

इस दुखद घटना के बाद शहर के अन्य सीएनजी स्टेशनों पर मिला-जुला असर देखा गया:

  •     साकची गुरुद्वारा सीएनजी पंप: यहां कर्मचारी हेलमेट पहनकर और वाहन से सुरक्षित दूरी बनाकर सीएनजी भरते नजर आए। पंप पर अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा के लिए बालू की बाल्टियां दुरुस्त मिलीं।
  •     धतकीडीह सीएनजी पंप: यहां गैस की बिक्री जारी थी और फायर फाइटिंग उपकरण तो मौजूद थे, लेकिन हादसों से बचाव के लिए अनिवार्य बालू की बाल्टियां नदारद दिखीं।

यह भी पढ़ें- CNG खत्म होने पर बस को धक्का दे रहे थे यात्री, अचानक पीछे लुढ़की बस तो पीछे खड़ी ट्रक के बीच दबकर एक की मौत

यह भी पढ़ें- CNG गाड़ी है तो भूलकर भी न करें ये गलतियां, हाइड्रोटेस्ट से लेकर रीफ्यूलिंग तक; पढ़ें सुरक्षा के जरूरी नियम

शहर के सभी पुराने पेट्रोल पंपों के पास फायर विभाग की एनओसी उपलब्ध रहती है। अधिकांश संचालक अपने स्तर पर भी अग्निशमन उपकरण व्यवस्थित रखते हैं। इन सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समय-समय पर नियमित जांच की जाती है।

-

रामप्रवेश ओझा, जिला अग्निशमन पदाधिकारी जमशेदपुर