निखार सबलोक हत्याकांड: पटाया तक फैला है परिवार का कारोबार, सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
जमशेदपुर के होटल व्यवसायी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे शहर के व्यावसायिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस कारोबारी रंजिश, जमीन विवाद और आपसी रंजिश सहित सभी संभावित कोणों से मामले की गहन जांच कर रही है।
HighLights
परिवार का कारोबार जमशेदपुर से पटाया तक फैला।
पुलिस कारोबारी रंजिश, जमीन विवाद की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सरायकेला-खरसवां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल होटल के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा होटल व्यवसायी निखार सबलोक (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इलाज के दौरान हुई इस मौत के बाद शहर के व्यावसायिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए कारोबारी रंजिश, जमीन विवाद और आपसी रंजिश समेत सभी संभावित कोणों पर गहन जांच कर रही है।
पटाया तक फैला है सबलोक परिवार का नेटवर्क
कदमा निवासी संजीव सबलोक का परिवार बड़े पैमाने पर होटल व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। जमशेदपुर स्थित 'क्रिस्टल होटल' के अलावा थाइलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र पटाया में भी इस परिवार का होटल कारोबार संचालित होता है।
संजीव सबलोक, उनकी पत्नी और छोटा बेटा पटाया में रहकर वहां का कामकाज संभालते हैं। वहीं, मृतक निखार सबलोक जमशेदपुर में रहकर परिवार के स्थानीय होटल और व्यावसायिक संपत्तियों की देखरेख करते थे।
कारोबार के सिलसिले में परिवार के सदस्यों का भारत और थाइलैंड के बीच नियमित आना-जाना लगा रहता था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीन विवाद और कारोबारी रंजिश का संदेह
अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़ा विवाद या कोई व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता मुख्य वजह हो सकती है।
जांच की मुख्य दिशाएं:
- घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
- निखार सबलोक के हालिया कारोबारी लेन-देन और वित्तीय सौदों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
- मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की गहनता से जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक की गोलियों से भूनकर हत्या, करोड़ों की जमीन का विवाद बनी वजह!
