निखार सबलोक हत्याकांड: सीएच एरिया मकान विवाद में रंगदारी का पन्ना खोलेगी पुलिस, जांच तेज
जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस व्यावसायिक रंजिश और पुराने भूमि विवाद के एंगल से जांच कर रही ...और पढ़ें

संजीव सबलोक ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने पुत्र की हत्या के पीछे कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को मुख्य वजह बताया है।
HighLights
पुलिस व्यावसायिक रंजिश और पुराने भूमि विवाद की जांच कर रही।
सीएच एरिया मकान विवाद में रंगदारी का एंगल भी शामिल।
मृतक निखार सबलोक होटल व्यवसायी थे, थाईलैंड तक कारोबार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। विजया हेरिटेज (कदमा) निवासी कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस व्यावसायिक रंजिश और पुराने भूमि विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
मृतक के पिता संजीव सबलोक ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने पुत्र की हत्या के पीछे कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को मुख्य वजह बताया है।
जमशेदपुर से थाईलैंड तक फैला है सबलोक परिवार का कारोबार
सबलोक परिवार का होटल व्यवसाय जमशेदपुर के क्रिस्टल होटल से लेकर थाईलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन शहर पटाया तक फैला हुआ है। संजीव सबलोक, उनकी पत्नी और छोटा बेटा थाईलैंड में रहकर पटाया का कामकाज संभालते हैं।
जबकि निखार जमशेदपुर में रहकर स्थानीय होटल और पारिवारिक संपत्तियों की देखरेख करते थे। पुलिस अब कारोबारी लेनदेन और वित्तीय पहलुओं की तकनीकी जांच में जुटी है।
सीएच एरिया मकान विवाद की फाइल फिर खुली
अनुसंधान में यह बात भी सामने आई है कि निखार बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा निवासी भूपेंद्र सिंह के एक पुराने मकान विवाद में उनकी मदद कर रहे थे।
भूपेंद्र ने अशोक कुमार सिंह व अन्य पर सीएच एरिया स्थित अपने मकान को रंगदारी मांगकर हड़पने का आरोप लगाया था और 18 अगस्त को जमशेदपुर के एसएसपी व सिटी एसपी को लिखित शिकायत की थी।
नेताओं की मौजूदगी और तकनीकी जांच जारी
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस पुराने विवाद का हत्या से कोई सीधा संबंध है। घटना के बाद कदमा स्थित सबलोक आवास पर विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार पहुंचे।
नेताओं ने परिजनों को सांत्वना देते हुए राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन से अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस फिलहाल मृतक के फोन कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएपचैट और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहन तकनीकी जांच कर रही है।
