देवघर में झारखंड और बिहार ATS का बड़ा एक्शन: 'मेड इन USA' पिस्टल के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
झारखंड और बिहार एटीएस ने देवघर में अंतरराज्यीय हथियार आपूर्ति गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 'मेड इन यूएसए' पिस्टल सहित अन्य हथ ...और पढ़ें

एटीएस के पदाधिकारी के बयान पर देवघर के नगर थाने में दर्ज हुई है प्राथमिकी, तीनों आरोपित भेजे गए जेल।
HighLights
एटीएस ने देवघर में अंतरराज्यीय हथियार गिरोह के दो सदस्य पकड़े।
'मेड इन यूएसए' पिस्टल समेत सात कारतूस बरामद किए गए।
आरोपी हत्या, रंगदारी के मामलों में पहले भी जेल जा चुके।
राज्य ब्यूरो, रांची/देवघर। झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने देवघर में छापेमारी कर अंतरराज्यीय हथियार आपूर्ति गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। तीसरे अपराधी को बिहार एसटीएफ की टीम ने अरेस्ट किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में देवघर के टाउन थाना के कृष्णापुरी निवासी पंकज कुमार सिंह व देवघर के ही नगर थाना क्षेत्र के नंदी नगर, नंदन पहाड़, वार्ड नंबर 14, बरमसिया निवासी अजित कुमार पांडेय उर्फ अजित कुमार मिश्रा शामिल हैं।
वह मूल रूप से देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र चितोलोडिया का रहने वाला है। इनकी निशानदेही पर एक यूएसए-99 लिखा हुआ पिस्टल, एक देसी कट्टा व सात कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों ही आरोपित हत्या व रंगदारी के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके हैं।
पंकज कुमार सिंह पर चार व अजित कुमार पांडेय पर पांच कांड दर्ज हैं। ये कांड मुंगेर, जमुई, देवघर, दुमका आदि जिलों के थाने में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों ही आरोपित किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। एटीएस रांची ने गुप्त सूचना पर देवघर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और दोनों को पकड़ा।
इस मामले में एटीएस थाना रांची के थानेदार इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार के बयान पर देवघर के नगर थाना में 24 अप्रैल को कांड संख्या 170/2026 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों ही आरोपित शनिवार को न्यायिक हिरासत में देवघर जेल भेज दिए गए हैं। जल्द ही उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
एटीएस के एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि रिमांड पर पूछताछ के दौरान संगठित आपराधिक गिरोह व अन्य बड़े इनपुट के बाद भविष्य में एटीएस अपने स्तर से भी पूरे मामले को देखेगी। फिलहाल, देवघर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खबरें और भी
बड़े अपराध की सूचना पर देवघर पहुंची थी झारखंड एटीएस
एटीएस थाना रांची के थानेदार अभिनंदन कुमार ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उन्हें सूत्रों से पता चला कि एक अपराधी अजित कुमार पांडेय व अन्य अपराधी हथियार से लैस है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर वे छापेमारी दल के साथ रांची से देवघर पहुंचे। वहां देवघर नगर थाना के पदाधिकारी के सहयोग से सूचना सत्यापन में जुटे। 24 अप्रैल को अजित कुमार पांडेय को पकड़कर पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
उसने ही बताया कि वह अपने मित्र पंकज कुमार सिंह व अन्य व्यक्तियों के साथ कई बार बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार खरीदकर देवघर व आसपास के इलाकों में अलग-अलग आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों को बेचते आया है।
इसके बाद ही अजित कुमार पांडेय की निशानदेही पर उसके घर में ही छुपाकर रखे गए देसी पिस्टल को बरामद किया गया, जिसपर मेड इन यूएसए 99 लिखा हुआ था। उसमें मैगजीन लगा था। उसके घर से कुल सात पीस 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
अजित कुमार पांडेय ने ही बताया कि उसके मित्र पंकज कुमार सिंह एक पेशेवर हत्या, आर्म्स एक्ट व अन्य कांडों का आरोपित है। इसके बाद पंकज कुमार सिंह के पास से भी देसी कट्टा बरामद किया गया।
जमुई का सोनू व मुंगेर के परवेज ने उपलब्ध कराया था हथियार
झारखंड एटीएस व देवघर पुलिस की छानबीन में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि बिहार के जमुई के दौलतपुर का रहने वाला सोनू कुमार सिंह ने पूर्व में अजित कुमार पांडेय को कई देसी पिस्टल उपलब्ध कराया था। जिसकी इन लोगों ने बिक्री की थी।
वहीं, पंकज कुमार सिंह ने भी बताया कि उसके पास से बरामद देसी कट्टा को उसने बिहार के ही मुंगेर के परवेज से खरीदा था। अब पुलिस आरोपितों की इन सूचनाओं का भी सत्यापन कर रही है।
हथियार आपूर्ति गिरोह के तीसरे आरोपित को बिहार STF ने किया गिरफ्तार
हथियार आपूर्ति गिरोह के के तीसरे नामजद आराेपित सोनू कुमार सिंह को बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे एसटीएफ ने बिहार के जमुई जिले के गिद्दौर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
उसकी गिरफ्तारी भी झारखंड एटीएस के माध्यम से देवघर के नगर थाने में दर्ज कांड संख्या 170/26 में की गई है। सोनू कुमार सिंह इस केस में नामजद आरोपित है। वह भी पूर्व में जेल जा चुका है।
उसके विरुद्ध बिहार व झारखंड में अपहरण, लूट व आर्म्स एक्ट से संबंधित चार कांड दर्ज हैं। बिहार एसटीएफ ने शनिवार को इससे संबंधित एक अधिकृत बयान भी जारी कर दिया है।
बरामदगी और बैकग्राउंड
हथियार: एक 'मेड इन USA-99' पिस्टल, एक देसी कट्टा और 7 जिंदा कारतूस।
आरोपितों का इतिहास: अजित पांडेय पर 5 और पंकज सिंह पर 4 आपराधिक मामले (हत्या व रंगदारी) पहले से दर्ज हैं।
कनेक्शन: बिहार के मुंगेर (परवेज) और जमुई (सोनू) से हथियार लाकर देवघर व आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे।
एक्शन: एटीएस अब इन तीनों को रिमांड पर लेकर इनके पूरे सिंडिकेट का पता लगाएगी।
यह भी पढ़ें- 18 साल का इंतजार खत्म: झारखंड में रविवार को पात्रता परीक्षा JET, 1.75 लाख अभ्यर्थी 434 केंद्र; निगेटिव मार्किंग नहीं
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने JSSC को फटकारा, पूछा- माध्यमिक आचार्य परीक्षा में हैकिंग हुई तो FIR दर्ज क्यों नहीं की?
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील की ₹1500 करोड़ की 'कांबी मिल' का मई में शुभारंभ, 0.5 मिलियन टन क्षमता वाली यूनिट का CM करेंगे लोकार्पण