23 अप्रैल शाम छह बजे तक बंगाल सीमा से सटे झारखंड में पांच किलोमीटर तक की शराब दुकानें होंगी बंद
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के मद्देनजर झारखंड से सटी सीमा पर शराब दुकानें बंद रहेंगी। 10 जिलों में 52 अस्थाई चेक पोस्ट और सुरक्षा बल तै ...और पढ़ें

सीमा पर अस्थाई चेक पोस्ट बनाए गए हैं। (विजुअल: एआई जेनरेटेड)
HighLights
21 अप्रैल शाम से 23 अप्रैल शाम तक शराब दुकानें बंद।
बंगाल सीमा से सटे 10 झारखंड जिलों में लागू होगा नियम।
चुनाव शांतिपूर्ण कराने को 1.92 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात।
राज्य ब्यूरो, रांची। बंगाल विधानसभा चुनाव में 23 अप्रैल को प्रथम चरण में 152 सीटों पर मतदान होने हैं। प्रथम चरण में ही झारखंड से सटे सभी विधानसभा सीटों पर मतदान हो जाएगा। बंगाल से झारखंड के दस जिले सटते हैं।
इन जिलों में साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसांवा व पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं।
दोनों राज्यों की सीमा पर 52 अस्थाई चेक पोस्ट से निगरानी तो चल ही रहीं है, बार्डर को सील करने के लिए अस्थाई रूप से बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को लगाया गया है, ताकि बंगाल चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जा सके।
चुनाव के मद्देनजर 21 अप्रैल (मंगलवार) की शाम छह बजे से मतदान के दिन 23 अप्रैल (गुरुवार) की शाम छह बजे तक सीमा से सटे झारखंड के सभी दस जिलों में सीमा से पांच किलोमीटर अंदर तक की शराब दुकानें बंद रहेंगी।
ऐसा भारत निर्वाचन आयोग के गाइडलाइंस के अनुसार किया जा रहा है। इससे संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इस नियम के अधीन रांची जिले में शराब की केवल चार दुकानें ही शामिल हैं, जिनमें सोनाहातू में एक, मुरी में दो व सिल्ली में एक दुकान शामिल हैं। इसी तरह अन्य जिलों में भी आदेश जारी है।
केंद्रीय बल सहित 1.92 लाख जवान हैं तैनात
बंगाल विधानसभा चुनाव में केंद्रीय बल व अलग-अलग राज्यों से 2400 कंपनियां तैनात हैं। एक कंपनी में 80 जवान होते हैं।
इस हिसाब से बंगाल विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एक लाख 92 हजार जवानों को तैनात किया गया है।
इनमें झारखंड सशस्त्र पुलिस, आइआरबी की भी 33 कंपनियां शामिल हैं। इस 2400 कंपनियों के अलावा बंगाल पुलिस के जवान व अधिकारी हैं सो अलग।
इस बार चुनाव के बाद लंबे समय तक 500 कंपनियां बंगाल में तैनात रहेंगी, ताकि चुनाव नतीजे के बाद बंगाल में होने वाले हिंसा को रोका जा सके।
अस्थाई चेक पोस्ट पर हो रही चेकिंग
बंगाल चुनाव के मद्देनजर सीमा से सटे झारखंड के सभी दस जिलों में बने 52 अस्थाई चेक पोस्ट पर सभी वाहनों की चेकिंग हो रही है और संदिग्ध चेहरों का सत्यापन भी चल रहा है।
खबरें और भी
इंटेलिजेंस ने भी सीमा पर पहरा लगा रखा है। सीमा पर झारखंड पुलिस बंगाल पुलिस के संपर्क में है। झारखंड पुलिस ने बंगाल पुलिस से भी बार्डर के गुप्त रास्तों की जानकारी मांगी थी।
उसके अनुरूप बार्डर पर झारखंड पुलिस की विशेष शाखा व अन्य बलों, संबंधित जिला बलों को तैनात किया गया है। मतदान के दिन झारखंड व बंगाल के बीच मतदान के व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध दोनों राज्यों में कानूनी कार्रवाई होगी।