Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची टीटोस मर्डर केस का खुलासा: धनबाद मुठभेड़ के बाद 4 गिरफ्तार, प्रिंस खान–सुजीत सिन्हा गैंग की साजिश 

    Updated: Wed, 18 Mar 2026 02:23 PM (GMT+05:30)

    रांची के टीटोस रेस्टोरेंट में स्टाफ मनीष गोप की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 9 दिनों के भीतर प्रिंस खान गैंग के चार गुर्गों को गिर ...और पढ़ें

    धनबाद मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, गैंग की साजिश उजागर।

    धनबाद मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, गैंग की साजिश उजागर।

    HighLights

    1. टीटोस रेस्टोरेंट स्टाफ मनीष गोप हत्याकांड का खुलासा।

    2. प्रिंस खान गैंग के चार अपराधी धनबाद से गिरफ्तार।

    जागरण संवाददाता, रांची। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित द टीटोस रेस्टोरेंट में घुसकर होटल स्टाफ की गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महज 9 दिनों के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है।

    गिरफ्तार आरोपियों में कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर, पप्पू भुइया और मो. शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर शामिल हैं। इनमें कुबेर पलामू का रहने वाला है, जबकि अन्य तीन आरोपी धनबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।

    सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 7 मार्च की रात करीब 8:25 बजे गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में घुसकर स्टाफ मनीष गोप को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना के अगले दिन 8 मार्च को एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

    जांच के दौरान 16 मार्च की सुबह सूचना मिली कि प्रिंस खान गैंग के कुछ सदस्य धनबाद के बोरागढ़-भागाबांध इलाके में एक खंडहरनुमा मकान में छिपे हैं। इसके बाद रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

    खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कुबेर सिंह और विक्की डोम के पैर में गोली लगी, जबकि अफजल अमन भागने के दौरान घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके से अवैध हथियार, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस संबंध में पुटकी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है।

    पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पप्पू भुइया और शद्दाब आलम को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में यह अहम खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा ने मिलकर रची थी। दोनों गिरोह मिलकर संगठित तरीके से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में गैंग के नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- रांची में जमीन माफिया और थानेदार के बीच वायरल हुआ पैसों के लेन-देन का ऑडियो, चार थानेदार का तबादला

    यह भी पढ़ें- रांची में डिप्टी मेयर पर घमासान: भाजपा के 19 पार्षद पुरी में, एक वोट के लिए 10 लाख और थार SUV का ऑफर

    यह भी पढ़ें- इश्क में 'हैवान' बनी पत्नी: प्रेमी के लिए पति को दी ऐसी मौत, शरीर को दांतों से काटा और फिर रची खुदकुशी की कहानी