10 साल तक नहीं कटवाई जुल्फें, अब बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड! खास है उत्तराखंड की रेनू का देसी हेयर केयर फॉर्मूला
रेनू धारियाल की लंबे बालों की कहानी बड़ी ही रोचक है जो सोचने पर मजबूर करती है कि क्या वाकई में पारंपरिक हेयर केयर इतना असरदार है। ...और पढ़ें

रेनू धारियाल का लंबे बालों का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (Image Source: Guinness World Record)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हमारे इंडियन कल्चर में लंबे और घने बालों को सुंदरता के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है। यही वजह है कि हर महिला लंबे-लहराते बालों का सपना देखती है और इसके लिए तरह-तरह के नुस्खे भी आजमाती है।
इन्हीं के बीच भारत में एक महिला ऐसी भी है जिन्होंने इतने लंबे बाल कर लिए कि वर्ल्ड रिकॉर्ड ही हासिल कर लिया। हम बात कर रहे हैं उत्तराखंड की रेनू धारियाल की, आइए उनकी कहानी जानते हैं।
10 साल की मेहनत लाई रंग
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कटघरिया की रहने वाली रेनू धारियाल के बाल आज 9 फुट यानी करीब 271.5 सेंटीमीटर लंबे हैं। इस लंबाई के साथ उन्होंने नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। बताते चलें कि उन्होंने साल 2015 से अपने बाल नहीं काटे हैं।
रेनू ने 15 अप्रैल 2026 को बालों के नाप का वैरिफिकेशन करवाया था और 7 अगस्त 2026 को उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया गया। उन्होंने 257.33 सेमी लंबे बालों वाली यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड ब्रेक कर यह खिताब जीता है।
भारतीय संस्कृति से प्रेरणा ली
रेनू ने बाल बढ़ाने के लिए जो संकल्प सालों पहले लिया था, उसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वहीं, अपने इस दृढ़ निश्चय के लिए उन्होंने भारतीय संस्कृति से प्रेरणा ली। उनका कहना है कि हमारे कल्चर में बाल महिला की खूबसूरती और पहचान से जुड़े हुए हैं।
खबरें और भी
रेनू धारियाल के लंबे बालों का राज
जहां आजकल लोग बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए महंगे केमिकल प्रॉडक्ट्स और ट्रीटमेंट्स पर भरोसा करते हैं तो वहीं रेनू ने हेयर केयर के लिए पारंपरिक तरीकों पर ही विश्वास किया। उन्होंने केमिकल से बनी चीजों से सख्त परहेज करते हुए सिर्फ घर के बने हर्बल तेल और शैंपू का इस्तेमाल किया।
रेनू एक कंटेन्ट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं, सोशल मीडिया के माध्यम से वो अपने लंबे बालों का सीक्रेट लोगों तक शेयर करती रहती हैं। इन प्लेटफॉर्म्स पर रेनू ने बाल बढ़ाने के साथ ही चुनौतियों को भी शेयर किया है कि कैसे उन्होंने बस बाल सुलझाने में ही घंटों लग जाते हैं। उनका यह भी कहना है कि अगर आप लंबे-घने बाल चाहते हैं तो इसके लिए कोशिशों के साथ बहुत धैर्य और खास देखभाल की जरूरत है।