Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चिलचिलाती धूप में बढ़ रहा है हीट रैश और स्किन एलर्जी का खतरा, नोट कर लें एक्सपर्ट के बताए 6 टिप्स

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 07:00 AM (IST)

    गर्मियों के मौसम में जितना जरूरी शरीर को अंदर से ठंडा रखना है, उतना ही जरूरी स्किन की एक्स्ट्रा केयर करना भी है। ...और पढ़ें

    हीट रैश और स्किन एलर्जी कब बन सकती है गंभीर संक्रमण? (Image Source: AI-Generated)

    हीट रैश और स्किन एलर्जी कब बन सकती है गंभीर संक्रमण? (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप, उमस और पसीने से हम सबका हाल बेहाल हो जाता है। इस मौसम में सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडा रखना ही काफी नहीं है, बल्कि हमारी त्वचा भी खास देखभाल मांगती है। बढ़ते तापमान और पसीने के कारण 'हीट रैश' और स्किन एलर्जी जैसी परेशानियां आम बात हो जाती हैं।

    बच्चे हों या बुजुर्ग, कोई भी इसकी चपेट में आ सकता है। अगर आपने समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया, तो यह खुजली और जलन आगे चलकर गंभीर इन्फेक्शन का रूप भी ले सकती है। आइए, फरीदाबाद स्थित एशियन हॉस्पिटल की त्वचा रोग एवं हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ, डॉ. राधिका रहेजा से जानते हैं कि इस मौसम में आप अपनी त्वचा को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं।

    heat rash prevention

    (Image Source: AI-Generated) 

    आखिर क्या है हीट रैश और स्किन एलर्जी?

    हीट रैश को हम बोलचाल की भाषा में 'घमौरियां' कहते हैं। यह तब होता है जब हमारी त्वचा की पसीने वाली ग्रंथियां ब्लॉक हो जाती हैं और पसीना त्वचा के अंदर ही फंसा रह जाता है। इसका नतीजा? त्वचा पर छोटे-छोटे लाल दाने निकल आते हैं जिनमें बहुत जलन और खुजली होती है। यह समस्या अक्सर गर्दन, पीठ, छाती, अंडरआर्म्स और शरीर की सिलवटों वाले हिस्सों में ज्यादा देखने को मिलती है।

    वहीं, स्किन एलर्जी के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे- धूल-मिट्टी, पसीना, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, प्रदूषण या किसी खास कपड़े का रिएक्शन। गर्मी के मौसम में पसीने और बैक्टीरिया के कारण हमारी स्किन ज्यादा सेंसिटिव हो जाती है, जिससे एलर्जी का खतरा दोगुना हो जाता है।

    खबरें और भी

    गर्मियों में ही क्यों बढ़ती है यह मुसीबत?

    तेज गर्मी में हमारे शरीर से लगातार पसीना निकलता है। ऐसे में, अगर त्वचा की सही से सफाई न हो या शरीर को ताजी हवा न लगे, तो स्किन पोर्स बंद होने लगते हैं। इसके अलावा, टाइट कपड़े पहनना, ज्यादा देर तक तेज धूप में खड़े रहना और पसीने से भीगे हुए शरीर को न सुखाना- ये सभी चीजें घमौरियों और एलर्जी को दावत देती हैं।

    क्या कहती हैं एक्सपर्ट?

    डॉ. राधिका रहेजा बताती हैं कि गर्मी के दिनों में हीट रैश और स्किन एलर्जी के मामले बहुत तेजी से बढ़ते हैं। अक्सर लोग इसे आम खुजली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर दाने, लालपन और जलन लगातार बनी रहे, तो यह किसी बड़ी त्वचा समस्या का संकेत हो सकता है।

    डॉ. रहेजा सलाह देती हैं कि शरीर पर पसीने को ज्यादा देर तक जमा न होने दें और भारी या सिंथेटिक कपड़ों से बचें। त्वचा को साफ, सूखा और ठंडा रखना ही इससे बचने का सबसे सही तरीका है। अगर फिर भी लक्षण ठीक न हों या संक्रमण जैसा लगे, तो बिना देरी किए त्वचा विशेषज्ञ से मिलना चाहिए।

    MAGNIFIC

    (Image Source: Magnific) 

    घमौरियों और स्किन एलर्जी से बचने के 6 आसान तरीके

    गर्मियों में थोड़ी-सी सावधानी बरतकर आप अपनी त्वचा को बचा सकते हैं:

    • हल्के और सूती कपड़े पहनें: गर्मी में हमेशा कॉटन और ढीले-ढाले कपड़े ही चुनें। इससे शरीर में हवा का प्रवाह बना रहता है और पसीना जल्दी सूख जाता है।
    • त्वचा को साफ और सूखा रखें: दिन में कम से कम दो बार जरूर नहाएं। पसीने से भीगे कपड़ों में ज्यादा देर तक न रहें और त्वचा को साफ रखें।
    • ज्यादा पसीना आने पर सावधानी: तेज धूप से आने या वर्कआउट करने के तुरंत बाद अपना चेहरा और शरीर साफ करें। ज्यादा जरूरत महसूस होने पर आप डॉक्टर की सलाह लेकर एंटी-फंगल या मेडिकेटेड पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
    • खूब पानी पिएं: शरीर में पानी की कमी त्वचा को और भी संवेदनशील बना सकती है। इसलिए त्वचा को अंदर से स्वस्थ रखने के लिए खूब पानी पिएं
    • स्किन-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स चुनें: तेज खुशबू वाले साबुन, लोशन या मेकअप प्रोडक्ट्स कई लोगों में एलर्जी का कारण बन सकते हैं। इनकी जगह हमेशा माइल्ड प्रोडक्ट्स का ही चुनाव करें।
    • धूप से अपना बचाव करें: दोपहर की चिलचिलाती धूप में बेवजह बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो सनस्क्रीन लगाएं और टोपी या छाते का इस्तेमाल जरूर करें।

    डर्मेटोलॉजिस्ट से कब मिलना है जरूरी?

    वैसे तो घमौरियां कुछ सावधानियों से ठीक हो जाती हैं, लेकिन अगर:

    • दाने बहुत तेजी से शरीर पर फैल रहे हों।
    • असहनीय दर्द या तेज खुजली हो रही हो।
    • त्वचा के दानों में पानी भर गया हो।
    • इन सबके साथ आपको बुखार भी आ रहा हो।

    तो ऐसी स्थिति में बिल्कुल भी लापरवाही न करें और तुरंत किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से मिलें।

    यह भी पढ़ें- ज्यादा पसीना आना बन सकता है फंगल इन्फेक्शन की वजह, इन स्किन केयर टिप्स से रखें अपनी त्वचा सुरक्षित

    यह भी पढ़ें- गर्मियों में क्यों होने लगते हैं बॉडी रैशेज और एक्ने? स्किन एक्सपर्ट ने बताया इन्फेक्शन से बचने का तरीका